फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'राहुल गांधी विदेश में तख्तापलट की रणनीति बना रहे?' भाजपा का बड़ा आरोप, सीजेपी के प्रदर्शनों पर विपक्ष को घेरा

Wed, 21 Oct 2026 04:55 PM IST
नितिन गौतम एएनआई, नई दिल्ली

सार

भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाए हैं कि राहुल गांधी विदेश में देश में तख्तापलट की साजिश रच रहे हैं। भाजपा ने कहा कि विपक्ष 1 नवंबर को बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहा है और उसके लिए साजिश रची जा रही है। 
विज्ञापन
संबित पात्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजेपी नेताओं के विरोध प्रदर्शनों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। भाजपा ने बार-बार विरोध प्रदर्शनों को लेकर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि देश में इन प्रदर्शनों के दम पर तख्तापलट की साजिश रची जा रही है। भाजपा ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर भी सवाल उठाए और कहा कि राहुल गांधी विदेश में तख्तापलट की कोचिंग लेने गए हैं। 
विज्ञापन


सीजेपी के प्रदर्शनों पर उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि 'कुछ दिनों से देश में ऐसा माहौल बनाया गया कि कुछ लोग देश का तिरंगा फहराना चाहते हैं, लेकिन भारत की सरकार कितनी तानाशाही है कि इन लोगों को तिरंगा फहराने से रोक रही है। आज आशुतोष रांका और सौरव दास की ज्यूडिशियल कस्टडी पर दिल्ली हाईकोर्ट में जो सुनवाई हुई, उसे देश के लोगों को जानना चाहिए। रांका और दास ने बॉन्ड भरा था कि वे ऐसा कुछ नहीं करेंगे, जिससे अशांति फैले, लेकिन निकलने के कुछ घंटे के बाद ही उन्होंने अपने पीस बॉन्ड को तोड़ा। वे जो विक्टिम कार्ड लेकर घूम रहे थे, वो आज दिल्ली हाईकोर्ट के सवालों से तार-तार हो गया।'

'प्रदर्शनों के जरिए सत्ता परिवर्तन की साजिश रची जा रही'
संबित पात्रा ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट ने सीजेपी नेताओं से पूछा कि वे बार-बार विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? जज ने कहा कि आपने पहले जिस कारण के लिए प्रदर्शन किया वो खत्म हो चुका है तो फिर अब अलग-अलग कारणों के लिए प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है?
विज्ञापन


पात्रा ने कहा 'बार-बार विरोध प्रदर्शन का क्या मकसद है, ये विपक्षी नेता अपने बयानों से बता चुके हैं और वो है सत्ता परिवर्तन। उसके लिए हिंसा भी करनी पड़े, इसके समर्थन में भी कई नेता उतर आए हैं।'



'राहुल गांधी विदेश से तख्तापलट की कोचिंग लेने गए'
संबिता पात्रा ने कहा कि संजय राउत ने अल्बानिया की जलती हुई संसद की तस्वीरें दिखाई। उनका कहना था कि भारत में भी ऐसा होना चाहिए। संजय राउत ने कहा है कि राहुल गांधी विदेश गए हैं और उनके आने के बाद देखिए क्या होता है। पात्रा ने कहा कि 'इनके सरगना राहुल गांधी विदेश गए हैं। वो कोचिंग क्लास लेने गए हैं सोरोस एंड कंपनी से किस प्रकार से देश में सत्ता परिवर्तन किया जाए। कहां उनसे चूक रह गई। कोशिश तो पूरी की थी लेकिन देश के लोगों ने साथ नहीं दिया।'

संबित पात्रा ने कहा 'प्रधानमंत्री मोदी ने विजयदशमी की रैली में कहा कि हमें देश के दुश्मनों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि देश के दुश्मन कौन हैं। देश के दुश्मन वे हैं, जो देश से नफरत करें, देश की सांविधानिक संस्थाओं को बदनाम करें। भारत का दुश्मन वो है जो विदेश जाकर ये पढ़कर आता है कि देश में आगजनी कैसे की जाए? कैसे यहां ठीक से चुनाव न हो। भारत का दुश्मन वो है जो ये कहे कि बांग्लादेश ने हमें सिखाया है कि धार्मिक कट्टरवाद के खिलाफ कैसे लड़ते हैं।'

विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर लगाए साजिश के आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने आरोप लगाया 'देश में आग लगाकर राहुल गांधी को लॉन्च करने की साजिश रची जा रही है। राहुल गांधी विदेश में जॉर्ज सोरोस के परिवार के लोगों के साथ बैठकें  कर रहे हैं। विपक्ष ने कहा है कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बहुत बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। 1 नवंबर को ही सिखों के खिलाफ हिंसा हुई थी। देश ये सब देख रहा है। हम भी चुप नहीं बैठेंगे।'
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें