भाजपा अध्यक्ष ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा, 'बंगाल संस्कृति, सभ्यता के लिए जाना जाता है, लेकिन ममता जी ने जिस तरह का कृत्य किया है, जिस तरह से वो सरकार चला रही हैं, उन्होंने बंगाल को आज नीचे लाने का काम किया है। हमें बंगाल को फिर ऊपर उठाना है और सोनार बांग्ला बनाना है।'
नड्डा ने अपने संबोधन में कहा, 'यहां पुलिस और प्रशासन का राजनीतिकरण हो रहा है। हमें इसे रोकना है और यहां कमल खिलाना है। कल से मैं देख रहा हूं, यहां प्रशासन नाम की चीज ही नहीं है। अगर केंद्रीय सुरक्षा बल न हो तो बंगाल में घूमना ही मुश्किल हो जाए। मैं समझ सकता हूं कि कार्यकर्ताओं की क्या हालत होती होगी।
चक्रवात के वक्त दिए एक हजार करोड़ में घोटाला
भाजपा अध्यक्ष ने अम्फान चक्रवात को लेकर राज्य सरकार को दी गई राशि में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा, 'अम्फान चक्रवात के समय एक हजार करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने एडवांस दिया था। वो पैसा खर्च नहीं हुआ और उसमें भ्रष्टाचार हुआ।
उन्होंने कहा, आपने चुनाव में टीएमसी की छुट्टी करनी है और भाजपा की सरकार बनानी है, ताकि करीब 70 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सके।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, आज रास्ते में मैंने देखा कि साधारण आदमी भी हमारा अभिनंदन कर रहा था। यहां ये लोग परिवर्तन चाहते हैं, ये लोग ममता सरकार से ऊब चुके हैं। जनता त्रस्त है, टीएमसी से ये छुटकारा चाहते हैं। ये सभी लोग भाजपा के स्वागत के लिए आतुर हैं।