अपने काफिले पर हमले के एक महीने बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को दोबारा पश्चिम बंगाल पहुंचे। उन्होंने बर्धमान में ‘एक मुट्ठी चावल’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तंज कसते हुए कहा, सुना है कि ममता जी ने प्रधानमंत्री को किसान सम्मान निधि के लिए पत्र लिखा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारी सरकार बनेगी और किसानों को किसान सम्मान निधि हम देंगे। ममता जी आपकी जमीन खिसक चुकी है, चिड़िया खेत चुग चुकी है।
एक मुट्ठी चावल अभियान के तहत नड्डा को मंच पर ही अनाज और सब्जियां भेंट की गईं। इस मुहिम के जरिये भाजपा ने राज्य के करीब 73 लाख किसानों से जुड़ने का लक्ष्य रखा है। नड्डा बंगाल में पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक भी करेंगे। नड्डा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि एक मुट्ठी चावल जो मैंने किसानों से दान लिया है और आगे जाकर गांव में भी उनसे दान लेने वाला हूं। आज (शनिवार) से 24 तारीख तक हमारे कार्यकर्ता 40 हजार ग्राम सभाओं में जाकर किसानों से अन्न लेंगे और दुर्गा मां की सौगंध खाएंगे कि उनकी लड़ाई भाजपा का कार्यकर्ता लड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में 70 हजार परिवारों को पीएम-किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब चुनाव आ रहे हैं, इसलिए ममता दीदी, प्रधानमंत्री को पत्र लिख रही हैं। अगर हमारी यहां सरकार बनती है तो हम किसानों की मदद करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यहां ईस्ट वेस्ट मेट्रो बन रही है, जिस पर लगभग 8,575 रुपये खर्च हो रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने रैली के समाप्त होने पर जगदानंदपुर गांव में एक किसान के घर पर खाना खाया। उनके साथ पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद थ। बता दें कि नड्डा ने बंगाल पहुंचने पर सबसे पहले बर्धमान के प्रसिद्ध श्रीराधा गोविंद मंदिर में पूजा की।
कृषि कानूनों के खिलाफ पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिवसीय सत्र
पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 27 जनवरी को शुरू होगा। इसमें राज्य सरकार केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर आंदोलनकारी किसानों के मुद्दों पर चर्चा करेगी। राज्य के संसदीय मामलों के मंत्री पार्थ चटर्जी ने शुक्रवार को कहा, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंधोपाध्याय को पत्र भेजकर विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया गया है। चटर्जी ने कहा कि सत्र के दौरान जीएसटी से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ एकजुट होने के लिए प्रस्ताव का मसौदा कांग्रेस और वामदलों को भी भेजा जाएगा।
पश्चिम बंगाल के उप चुनाव आयुक्त का 12 जनवरी को दूसरा दौरा
नई दिल्ली। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाताओं की सूची प्रकाशित करने से पहले उप चुनाव आयुक्त और पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुदीप जैन 12 जनवरी को राज्य का दौरा करने वाले हैं। जैन दिसंबर में राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कानून और व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों के साथ बैठकें कीं। 294 सीट पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए विधानसभा चुनाव 2021 में होने हैं। पश्चिम बंगाल में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है।
इससे पहले जेपी नड्डा ने अपनी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि एक मुट्ठी चावल जो मैंने किसानों से दान लिया है और आगे जाकर गांव में भी उनसे दान लेने वाला हूं। आज से 24 तारीख तक हमारे कार्यकर्ता 40 हजार ग्राम सभाओं में जाकर किसानों से अन्न लेंगे और दुर्गा मां की सौगंध खाएंगे कि उनकी लड़ाई भाजपा का कार्यकर्ता लड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में 70,000 परिवारों को पीएम-किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब चुनाव आ रहे हैं, इसलिए ममता जी प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिख रही हैं। अगर हमारी यहां सरकार बनती है तो हम किसानों की मदद करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यहां ईस्ट वेस्ट मेट्रो बन रही है, जिसपर लगभग 8,575 रुपये खर्च हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में 3,665 नेशनल हाईवे बनें हैं। ये सब मोदी जी ने किया है। पश्चिम बंगाल की भी 17 मंडिया eNAM से जुड़ चुकी हैं। इन मंडियों के माध्यम से किसान अपना सामान देश के किसी भी कोने में अच्छे दाम पर बेच सकता है।
जेपी नड्डा ने रैली खत्म करके जगदानंदपुर गांव में एक किसान के घर पर खाना खाया। जेपी नड्डा के साथ पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी वहां मौजूद थे और उन्होंने किसान के घर में खाना खाया। इससे पहले नड्डा ने सबसे पहले बर्धमान के प्रसिद्ध श्रीराधा गोविंद मंदिर में पूजा की।
पिछले महीने भी जेपी नड्डा बंगाल के दौरे पर थे लेकिन उस दौरान उनके काफिले पर हमला किया गया था और इसका आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगा था। काफिले पर हमले के बाद भाजपा और टीएमसी के बीच तनातनी काफी बढ़ गई थी। इस दौरे के कुछ दिन बाद जगत प्रकाश नड्डा कोरोना से संक्रमित पाए गए थे।
बंगाल के किसानों के लिए भाजपा की चिंता महज दिखावा: टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए भाजपा की चिंता महज दिखावा है। भाजपा के नेताओं को तो दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों की भी परवाह नहीं है। टीएमसी की वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, भाजपा नेताओं के पास केवल देश भर में घूमने और किसानों के लिए ‘घड़ियाली आंसू’ बहाने का समय है। वे कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने कहा, भाजपा नेता बंगाल आ रहे हैं और दूसरी जगहों पर जा रहे हैं। लेकिन वे दिल्ली के बाहर प्रदर्शन कर रहे किसानों की बात नहीं सुन रहे। किसानों के लिए भाजपा की चिंता पूरी तरह दिखावटी है।