लोकसभा चुनाव की मतगणना की पूर्व संध्या पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अहम बैठक की। जीत की हैट्रिक के प्रति आश्वस्त पार्टी ने अपने पोलिंग एजेंटों को मतगणना केंद्रों पर सतर्क रहने की हिदायत दी है। पार्टी मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चुनावों की समीक्षा, एग्जिट पोल व नतीजों को लेकर मंथन किया।
राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बैठक के बाद बताया कि सात चरणों में हुए चुनावों की समीक्षा और कल होने वाली मतगणना पर चर्चा की तैयारियों के लिए बैठक बुलाई गई। मतगणना के लिए देशभर में पार्टी के मतदान एजेंटों की तैनाती पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी अध्यक्ष ने कहा, हमारी हैट्रिक तय है लेकिन फिर भी हर मतगणना केंद्र पर पोलिंग एजेंटों को सतर्क रहना होगा। बैठक में सभी बूथों पर पोलिंग एजेंट समय पर पहुंचें, उनकी उचित तैनाती हो, इसमें कोई दिक्कत तो नहीं आ रही इन तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि क्या कहीं भी मतगणना को लेकर कोई संदेह है और पार्टी पदाधिकारियों से ऐसी स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
तावड़े ने कहा, बैठक में एग्जिट पोल में भाजपा नीत राजग की बड़ी जीत की भविष्यवाणी और विपक्षी इंडिया गठबंधन के पूर्वानुमान को खारिज करने के बाद मौजूदा राजनीतिक स्थिति का भी जायजा लिया गया। बैठक में सातों चरणों के मतदान पैटर्न और की समीक्षा की गई।
रुझानों को देखकर मनेगा जश्न
बैठक में भाजपा की जीत के जश्न को लेकर हुई चर्चा के सवाल पर तावड़े ने कहा, फिलहाल इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। हम रुझानों को देखने के बाद ही इस पर विचार करते हैं, एग्जिट पोल के अनुमानों के आधार पर नहीं। पार्टी की सरकार के गठन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि बैठक में इस पर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक में सिर्फ चुनाव व मतदान की समीक्षा की गई तथा मतगणना के लिए व्यवस्थाओं और (पार्टी कार्यकर्ताओं की) तैनाती पर बात हुई।
हार स्वीकारने के लिए तैयार रहे विपक्ष : सुधांशु
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस व इंडी गठबंधन को लोकतंत्र की गरिमा को नीचा दिखाने के बजाय लोकसभा चुनाव में अपनी अपरिहार्य हार को विनम्रता से स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
भाजपा मुख्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस में त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतगणना से पहले समाज में अशांति पैदा करने के लिए देश की चुनाव प्रक्रिया पर निराधार सवाल उठा रहे हैं। मैं उनसे हल्के-फुल्के अंदाज में कहूंगा कि वे पूरे देश को ‘पप्पू’ न समझें। देशवासियों को गुमराह करने की कोशिश न करें। वे काफी समझदार हैं कि आप एक निरंकुश राजकुमार की तरह अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।
आरोप...कांग्रेस हिंसा के लिए कार्यकर्ताओं को उकसा रही
भाजपा ने कांग्रेस पर मतगणना के दिन अविश्वास का वातावरण तैयार कर अपने कार्यकर्ताओं को दंगा और हिंसा करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कांग्रेस की ओर से सोमवार को कार्यकर्ताओं को जारी निर्देश पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर पूरी प्रक्रिया को बाधित करने और संदेह का वातावरण तैयार कर माहौल खराब करने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है।
पार्टी प्रवक्ता और आईटी सेल के मुखिया अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जब मतगणना पहले से निर्दिष्ट और बेहद सुरक्षित क्षेत्र में होती है तब कार्यकर्ताओं को जिला कार्यालयों में इकट्ठा होने के लिए कहने का औचित्य समझ से परे है। जब तक कि विचार भीड़ को उकसाने और प्रक्रिया बाधित करने का न हो। गौरतलब है कि कांग्रेस ने जारी निर्देश में कार्यकर्ताओं से मतगणना शुरू होने से पहले जिला, प्रदेश मुख्यालयों के कार्यालयों में पहुंचने के लिए कहा है। पार्टी ने कार्यालय प्रभारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि गड़बड़ी को रोकने के लिए जहां जरूरत हो, वहां कार्यकर्ताओं को तुरंत भेजने का इंतजाम करें।
- पार्टी ने कार्यकर्ताओं से गड़बड़ी की रिकॉर्डिंग करने और मतगणना केंद्र का नंबर और लोकसभा क्षेत्र के नाम के साथ भेजने के लिए भी कहा है। पार्टी ने इसके लिए दो मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं।
- कांग्रेस ने भाजपा पर पूर्व में लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए भी कार्यकर्ताओं को आगाह किया है।