प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह
लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का पेंच कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्रियों की नाकामी लोकसभा चुनाव में भाजपा और पीएम मोदी की उम्मीदों पर कहीं पानी न फेर दे, इससे बचने के लिए शाह ने सालभर पहले से ही अपनी कवायद शुरू कर दी है। भाजपा के मुख्यमंत्रियों को एक-एक कर बुलाते हुए शाह ने उनसे जमीनी हालात की रिपोर्ट लेने के साथ ही प्रदेश सरकार के क्रियाक्लापों पर जनता के बीच जारी चर्चाओं की थाह लेनी शुरू कर दी है। इस कड़ी में मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात कर अपने-अपने राज्यों की जमीनी राजनीति से अवगत कराया था।
शाह से मिले खटटर
अमित शाह के फीडबैक लेने के कवायद की कड़ी में बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री
मनोहर लाल खट्टर ने उनसे मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि शाह ने सूबे की लचर कानून-व्यवस्था को लेकर खट्टर की लगाम कसी है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार में होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों पर खट्टर ने शाह की अनुमति ली है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा अध्यक्ष ने संगठन और अपने व्यक्तिगत नेटवर्कों के जरिए पार्टी शासित राज्यों में सरकार के कामकाज को लेकर जनता की फीडबैक मंगाई है। बताया जा रहा है कि कुछ राज्यों के चुनाव परिणाम संतोषजनक नहीं रहे। पार्टी के प्रति जनता के बीच थोड़ी निराशा नजर आ रही है।
यही वजह है कि शाह ने कमान संभालते हुए समय रहते इस कमी पर दूर करने की कवायद शुरू कर दी है।
गुजरात विधानसभा चुनाव का उदाहरण सबके सामने है जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री की अपनी छवि जनता के बीच न बन पाने की वजह से चुनावी मुकाबला कांटे का हो गया था। वहां पीएम मोदी के चेहरे के दम पर भाजपा ने बेशक चुनावी बाजी मार ली है। मगर भाजपा आलाकमान लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर राज्य सरकारों की नाकामी के मामले में कोई ढिलाई देने के मूड में नहीं है। इसीलिए एक-एक कर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को तलब कर शाह ने उनके पेंच कसने शुरू कर दिए हैं। और मुख्यमंत्रियों को शासन-प्रसाशन चुस्त-दुरुस्त बनाने की नसीहतें दी जा रही हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी दिल्ली में डटे
बताया जा रहा है कि शाह से मुख्यमंत्रियों की मुलाकात के क्रम में हिमचाल प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों की भी शाह से मुलाकात हो सकती है। हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर वैसे तो जीएसटी कांउसिल की बैठक में शामिल होने बुधवार को दिल्ली पहुंचे हैं। मगर उनके भी शाह से मिलने की संभावना है। तो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद सिंह रावत ने भी भाजपा अध्यक्ष से मिलने का वक्त मांगा हुआ है। सूत्र बताते हैं कि आने वाले दिनों में भाजपा शासित राज्यों के अन्य मुख्यमंत्री भी एक-एक कर शाह से मुलाकात करेंगे।