भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए जाने के एक दिन बाद अनुपम हाजरा ने विवादित बयान देते हुए रविवार को कहा था कि कोरोना संक्रमित होने पर मैं ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा। उनके इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी और उन्हें मानसिक रूप से अपरिपक्व करार दिया था। इसी के साथ सोमवार को सिलिगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस की ओर से पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई गई।
हाजरा ने रविवार को कहा था, 'अगर मैं कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाउंगा।' हाजरा रविवार की दोपहर दक्षिण 24 परगना जिला के बरुइपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने गए थे। इस बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने यह बयान दिया। इस दौरान हाजरा ने और वहां बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने न तो मास्क पहन रखे थे और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा था।
इस सवाल पर कि उन्होंने और कार्यकर्ताओं ने मास्क क्यों नहीं पहने हैं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा था, 'हमारे कार्यकर्ता कोविड-19 से कहीं बड़े खतरे से लड़ रहे हैं। वे ममता बनर्जी से लड़ रहे हैं।' हाजरा ने कहा था, 'अगर मैं संक्रमित हो गया तो मैं ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा। उन्होंने इस महामारी के पीड़ितों के साथ बहुत गलत व्यवहार किया है। उनके शवों को केरोसीन डालकर जलाया गया। हम इस तरह का व्यवहार तो कुत्ते या बिल्लियों के साथ भी नहीं करते हैं।'
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत राय ने टिप्पणी की निंदा की और कहा कि ऐसी टिप्पणी भाजपा की मानसिकता प्रतिबिंबित करती है। तृणमूल कांग्रेस की सिलिगुड़ी इकाई ने हाजरा के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। उत्तर बंगाल शहर से तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘हमने अनुपम हाजरा के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दी है। हमने पुलिस से उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।’
ममता ने भी पीएम मोदी के खिलाफ की हैं विवादास्पद टिप्पणियां : हाजरा
उधर, पुलिस में शिकायत पर प्रतिक्रिया जताते हुए हाजरा ने कहा कि बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई विवादास्पद टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा, ‘यदि मेरी टिप्पणी अपमानजनक है तो ममता बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की हैं। दूसरा, यदि मेरे खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की जाती है तो तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कम से कम 10 प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।’
टीएमसी ने बताया मानसिक रूप से अपरिपक्व
टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि इस तरह का बयान वही व्यक्ति दे सकता है जो पागल और अपरिपक्व हो। मानसिक रूप से ठीक कोई भी व्यक्ति जो हाजरा के बयान को सुनेगा वह समझ दाएगा कि वह किस तरह के व्यक्ति हैं। बता दें कि अनुपम हाजरा पहले टीएमसी का हिस्सा थे लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। हाजरा ने शनिवार को भाजपा राष्ट्रीय सचिव के तौर पर राहुल सिन्हा का स्थान लिया था।