भाजपा सांसदों ने फेसबुक मामले में राहुल गांधी पर मिथ्या प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे और राज्यवर्धन सिंह राठौर ने आईटी मंत्रालय संबंधी संसदीय समिति की बैठक में फेसबुक के अधिकारियों के इस बयान पर कहा कि उन्होंने बजरंग दल सदस्यों की पोस्टों में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
मालूम हो कि राहुल ने कुछ समय पहले एक विदेशी अखबार में छपी रिपोर्ट का हवाला देते हुए फेसबुक पर आरोप लगाया था कि वह जानबूझकर भाजपा की सहयोगी संस्था बजरंग दल के सदस्यों की आपत्तिजनक टिप्पणियों को हटा नहीं रहा है। भाजपा सांसदों का कहना था कि राहुल के आरोप झूठे थे और बजरंग दल की छवि खराब करने के मकसद से किए गए थे।
क्या फेसबुक इंडिया संसद से झूठ बोल रहा है : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फेसबुक को लेकर फिर सवाल उठाया है। संसदीय समिति के सामने फेसबुक इंडिया की बजरंग दल को दी गई क्लीन चिट पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि फेसबुक यूएस का कहना है कि बजरंग दल की सामग्री आपत्तिजनक इसे प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
जबकि फेसबुक इंडिया ने हमारे संसदीय पैनल को बताया कि बजरंग दल की सामग्री गलत नहीं है। क्या फेसबुक इंडिया भारत और उसकी संसद से झूठ बोल रहा है।