भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने विमान में एक वीडियो में बताया कि भाजपा सांसद मनोज तिवारी की छह महीने की बेटी सबसे छोटी यात्री हैं। उन्होंने सांसद मनोज तिवारी की बेटी के लिए ताली भी बजवाई।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने शुक्रवार की शाम में एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह मनोज तिवारी की बेटी का जिक्र कर रहे हैं और लोग उनकी बात पर ताली बजा रहे हैं। आपको बता दें कि रूडी कमर्शियल पायलट लाइसेंस होल्डर भी हैं। वह अक्सर विमान उड़ाते हुए दिख जाते हैं।
विज्ञापन
सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने यह वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'बालमन के साथ निश्छल और वात्सल्य भाव का अलौकिक अनुभव, संसदीय समिति की यात्रा के दौरान सांसद श्री मनोज तिवारी की छह माह की बेटी सांविका के साथ हवाई यात्रा का संस्मरण'
राजीव प्रताप रूडी वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि भारत के इतिहास में यह यात्रा बेहद विशेष और अनोखी होने वाली है। यह भारत के इतिहास का बहुत ही खूबसूरत दिन है। विमान में समिति के अध्यक्ष वेंकटेश, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी समेत कई सांसद और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। रूडी ने सभी सांसद यात्रियों के साथ-साथ विमान के चालक दल का भी परिचय दिया।
विज्ञापन
राजीव प्रताप रूडी ने इस दौरान विमान में यात्रा कर रहे सबसे छोटे पैसेंजर से भी सभी का परिचय कराया। यह कोई और नहीं बल्कि बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की छह माह की बेटी सांविका थीं। उन्होंने सांसद मनोज तिवारी की बेटी के लिए ताली बजवाई।