भाजपा सांसद निशिकांत दुबे (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस सांसद और सूचना प्रौद्योगिकी मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष शशि थरूर पर देश के अपमान और छवि खराब करने की कोशिश का आरोप लगाया है। दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को पत्र लिखकर थरूर की संसद सदस्यता खत्म करने की मांग की है।
दुबे ने स्पीकर को लिखे पत्र में कहा कि भारत सरकार ही नहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना वेरिएंट बी 1.617 को भारतीय वेरिएंट नहीं माना है। इसके बावजूद थरूर ने ट्वीट में इसे भारतीय वेरिएंट कहा। यह समझ के परे है कि एक भारतीय सांसद ऐसे अवैज्ञानिक और भारतीयों के प्रति अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल कैसे कर सकता है? उन्होंने कहा कि कोरोना वेरियंट बी-1.617 को थरूर ने भारतीय वेरिएंट बताकर संसद और देश का अपमान किया है। संविधान की 10वीं अनुसूची में ऐसे मामलों में संलिप्ता पर लोकसभा की सदस्यता खत्म करने का प्रावधान है।
टूलकिट विवाद में पार्टी कार्यकर्ता की तरह सवाल कर रहे कांग्रेस सांसद
दुबे ने आरोप लगाया कि आईटी मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थरूर टूलकिट विवाद मामले में भी ट्विटर से पूछने के बजाय केंद्रीय आईटी मंत्रालय से सवाल कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह अपनी पार्टी और विदेशों में बैठे अपने गॉडफादर के इशारे पर सरकार के खिलाफ अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संसद का विस्तार मानी जाने वाली स्थायी समिति को थरूर ने कांग्रेस पार्टी का विस्तार बना दिया है।