केरल के मल्लापुरम में एक हथिनी को पटाखे भरे फल खिलाने से हुई उसकी मौत को भाजपा सांसद मेनका गांधी ने हत्या करार दिया है। वहीं, मन्नरक्कड़ वन रेंज के अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
हथिनी की मौत के बारे में मेनका गांधी ने कहा, 'ये हत्या है, मल्लापुरम ऐसी घटनाओं के लिए कुख्यात है, यह देश का सबसे हिंसक राज्य है। उदाहरण के लिए यहां लोग सड़कों पर जहर फेंक देते हैं जिससे 300 से 400 पक्षी और कुत्ते एक साथ मर जाएं।'
बता दें कि मल्लापुरम जिले में पिछले सप्ताह एक गर्भवती हथिनी खाने की तलाश में शहर की ओर आ गई थी। हथिनी को जिसने जो खिलाया उसने खा लिया। मगर कुछ लोगों ने फलों के भीतर पटाखे छिपाकर उसे खिला दिए। जिससे उसके मुह में धमाका हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
इस घटना को लेकर वन अधिकारी मोहन कृष्णन ने फेसबुक पर पूरी दास्तां साझा की थी। उन्होंने लिखा, 'उसने सभी पर विश्वास किया। जब उसने अनानास खाया तो उसे नहीं पता था कि इसमें पटाखे हैं। उसका मुंह और जीभ बहुत ही बुरी तरह से चोटिल हो गई थी। भीषण दर्द में भी उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।'
उन्होंने आगे लिखा, 'आखिरकार वो वेलियार नदी में खड़ी हो गई। वन विभाग ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसने ऐसा नहीं करने दिया। उसे सम्मानजनक विदाई देने के लिए हमने एक ट्रक मंगवाया और उसी जंगल में अंतिम विदाई दी, जहां उसका बचपन बीता और वो बड़ी हुई।'