भारतीय जनता पार्टी के नेता नितेश राणे ने सोमवार (15 मार्च) को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास आमिर खान से मिलने का वक्त है, लेकिन एनसीपी प्रमुख शरद पवार के लिए नहीं।
नितेश राणे ने कहा, 'हमें सूचना मिली है कि एनसीपी प्रमुख बुधवार से मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ठाकरे ने उनसे आज मुलाकात की। मुख्यमंत्री के पास पवार साहब से मिलने का वक्त नहीं है, लेकिन वह शुक्रवार को आमिर खान के साथ डिनर कर रहे थे।' बता दें कि सोमवार को शरद पवार और उद्धव ठाकरे की मुलाकात हुई। एनसीपी के सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच यह सामान्य मुलाकात थी।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात की असल वजह एंटीलिया मामला है। दरअसल, पिछले महीने उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों से लदी कार मिली थी। इस मामले में असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे को एनआईए ने गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि सचिन वाजे मुंबई की क्राइम इंटेलीजेंस यूनिट में असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर थे, लेकिन जब उनका नाम एंटीलिया मामले में मनसुख हिरेन की मौत के बाद सामने आया तो उनका ट्रांसफर मुंबई पुलिस मुख्यालय में कर दिया गया। फिलहाल, उन्हें 25 मार्च तक हिरासत में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, मनसुख हिरेन उस कार के मालिक थे, जिसमें विस्फोटक लदे हुए थे। पांच मार्च को मनसुख मृत मिले थे।