कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। आए दिन इस यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। अब भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे नफरत जोड़ो अभियान करार दिया है।
राहुल की टी-शर्ट को लेकर भी खड़े हुए थे सवाल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा था। पार्टी ने दावा किया था कि 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान उन्होंने जो टी-शर्ट पहनी हुई थी, उसकी कीमत 41,000 रुपये से ज्यादा थी। इस पर कांग्रेस ने पलटवार भी किया। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब से भाजपा घबरा गई है।
भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल से 'भारत देखो' ट्वीट किया और दो तस्वीरें पोस्ट कीं। एक तस्वीर में राहुल गांधी दिख रहे हैं जबकि दूसरी में उनके द्वारा पहनी गई शर्ट की कीमत दिखाई गई है। इसमें दावा किया गया है कि बरबेरी टी-शर्ट की कीमत 41,257 रुपये है। दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने तंज कसते हुए ट्वीट में लिखा, "कांग्रेस के शहजादे को इस 42 हजार रूपये वाली टी-शर्ट में शायद पैदल चलते समय गर्मी कम लगती होगी या फिर महंगाई इतनी है कि बेचारे से ज्यादा महंगी नहीं खरीदी गई है।"