भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने गुरुवार को सड़क पर बैठकर विरोेध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। हुगली लोकसभा क्षेत्र में हनुमान जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से चटर्जी को पुलिस ने रोक लिया था। इसी वजह से चटर्जी ने हनुमान चालीसा का पाठकर विरोध किया।
चटर्जी हुगली जिले के बांसबेरिया जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया और उनसे लौटने का अनुरोध किया। पुलिस का कहना था कि उनके वहां जाने से अशांत क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है। चटर्जी ने कहा कि मैं यहीं की सांसद हूं, बावजूद इसके पुलिस ने मुझे मेरे ही क्षेत्र में जाने से रोक दिया। चटर्जी ने सवाल करते हुए पूछा कि निर्वाचित प्रतिनिधि को निर्वाचन क्षेत्र में जाने से क्यों रोका जा रहा है?
राज्यपाल से की शिकायत
चटर्जी ने कहा कि मैंने घटना के बारे में राज्यपाल को सूचित किया है, वह इसपर गौर करेंगे। सांसद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोके जाने के बाद इलाके में प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें बाहरी कहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चटर्जी से कहा था कि अभी स्थिति सही नहीं है, स्थिति सामान्य होने के बाद किसी दूसरे दिन वापस आने का अनुरोध किया।
टीएमसी ने साधा निशाना
टीएमसी के राज्य उपाध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को खराब करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने शांति बहाल की है, बीजेपी क्यों परेशानी पैदा करना चाहती है। हुगली और हावड़ा जिलों में निषेधाज्ञा लागू की गई है। रामनवमी पर जुलूस निकालते समय दो समूहों के बीच झड़प हो गई। कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक आदेश के बाद हनुमान जयंती के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने में राज्य पुलिस की सहायता के लिए कोलकाता, हुगली और बैरकपुर के कुछ हिस्सों में केंद्रीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है।