बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर ने सियासी सफर को समाप्त करने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के कारण मेरा 18 साल की सार्वजनिक सेवा का कार्यकाल खत्म हो गया। वहीं राजीव के ट्वीट पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि आप देश की सेवा करने के लिए अभी भी युवा हैं।
ट्वीट डिलीट करके कहा- वो इंटर्न टीम ने किया था
राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आज मेरे 18 साल का सार्वजनिक सेवा कार्यकाल खत्म हो गया है, जिसमें से 3 साल मुझे पीएम मोदी 2.0 के साथ सेवा करने का सौभाग्य मिला। मैं अपने 18 साल की सार्वजनिक सेवा को बिल्कुल भी खत्म नहीं करना चाहता था लेकिन एक उम्मीदवार के रूप में मैं चुनाव हार गया और इस वजह से इस सफर समाप्त हो गया। मैं सभी लोगों का धन्यवाद देता हूं, खास तौर से जिन कार्यकर्ताओं, नेताओं ने मुझे प्रेरित किया और ऊर्जी दी।'
हालांकि बाद में उन्होने कहा कि वो ट्वीट इंटर्न टीम ने गलती से कर दिया था।
शशि थरूर बोले- आप देश की सेवा करने के लिए अभी भी युवा हैं
वहीं राजीव चंद्रशेखर के पहले ट्वीट पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता शशि थरूर ने लिखा, ‘सरकार में आपके कार्यकाल के दौरान मैंने आपसे कई मुद्दों पर चर्चा की। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि सार्वजनिक सेवा के जरिए आप देश के लिए और भी योगदान दे सकते हैं। अभी आप चुनाव लड़ने के लिए इतने युवा हैं कि एक बार फिर से लोगों की सेवा कर सकें। आपके भविष्य के लिए बहुत शुभकामनाएं।’
प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार तीसरी बार शपथ ली
नरेंद्र मोदी ने रविवार को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद यह रिकॉर्ड बनाने वाले वह देश के दूसरे राजनेता बन गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद राजनाथ सिंह से लेकर जयशंकर तक कई पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक बार फिर मंत्री पद की शपथ ली।