यतनाल ने विधायक रमेश जरकीहोली, अरविंद लिंबावली, महेश कुमाथल्ली, मधु बंगारप्पा सहित भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर बीदर से चमराजनगर तक वक्फ विरोधी मार्च निकाला है। यह मार्च 25 नवंबर को शुरू हुआ और 25 दिसंबर को समाप्त होगा।
भाजपा ने कर्नाटक के विधायक बसंगौड़ा पाटिल यतनाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन पर राज्य स्तरीय पार्टी नेतृत्व के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए कार्रवाई की तलवार लटक रही है। नोटिस के मुताबिक, राज्य स्तरीय पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आपके निरंतर हमले और पार्टी के निर्देशों की अवहेलना की खबरें सामने आ रही हैं। इसके साथ ही आप राजनीतिक और सार्वजनिक महत्व के सभी मामलों पर पार्टी के आधिकारिक रुख के विपरीत सार्वजनिक बयानबाजी भी कर रहे हैं। पार्टी विरोधी रुख अपनाने की खबरें मीडिया के साथ-साथ विभिन्न पार्टी मंचों पर भी आ रही हैं। ऐसे में आप बताएं कि पार्टी आप के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई क्यों न करे?
विज्ञापन
विज्ञापन
10 दिन के भीतर जवाब देने को कहा
भाजपा ने विधायक से 10 दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। पार्टी ने बताया कि अगर वह निर्धारित समय के भीतर जवाब नहीं दे पाते हैं तो वह इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगी। केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने एक दिसंबर को ‘कारण बताओ’ नोटिस भेजा था। नोटिस मीडिया के बीच सोमवार को साझा किया गया।
बीवाई विजयेंद्र के कड़े आलोचक
यतनाल पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनके परिवार, खासकर भाजपा की कर्नाटक इकाई के प्रमुख बीवाई विजयेंद्र के कड़े आलोचक माने जाते हैं। वह अक्सर उन पर निशाना साधते हैं और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मांग करते रहते हैं कि कांग्रेस की परिवारवाद राजनीति के खिलाफ प्रभावी लड़ाई के लिए येदियुरप्पा की वंशवादी राजनीति पर लगाम लगाई जाए।
अनुशासनहीनता बेरोकटोक जारी
पाठक ने कहा कि यह चिंता की बात है कि अतीत में कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने और अच्छे आचरण के लिए आपके आश्वासन के बावजूद अनुशासनहीनता बेरोकटोक जारी हैं। आपने पार्टी नेताओं के खिलाफ झूठे और परोक्ष आरोप लगाए हैं। साथ ही राजनीतिक और सार्वजनिक महत्व के मामलों पर पार्टी के आधिकारिक रुख की अवहेलना की है, जो भाजपा के पार्टी नियम का गंभीर उल्लंघन है।
वक्फ विरोधी मार्च निकाला
यतनाल ने विधायक रमेश जरकीहोली, अरविंद लिंबावली, महेश कुमाथल्ली, मधु बंगारप्पा सहित भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर बीदर से चमराजनगर तक वक्फ विरोधी मार्च निकाला है। यह मार्च 25 नवंबर को शुरू हुआ और 25 दिसंबर को समाप्त होगा।