राहुल गांधी द्वारा नोटबंदी के मुद्दे पर भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा का पारा हाई हो गया है। पार्टी की ओर से तुरंत पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस पार्टी की बौखलाहट बताया गया।
भाजपा की ओर से पक्ष रखने आए प्रवक्ता और सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नोटबंदी के मुद्दे पर देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। जिस विजय माल्या का राहुल गांधी हर बात में जिक्र करते हैं उसे ब्लैकआउट पैकेज किसने दिया।
राहुल को इसका जवाब देना चाहिए। शर्मा ने स्विस बैंकों में जमा कालेधन के मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा कि बैंकों से तय शर्तों के मुताबिक सरकार अभी खाताधारकों के नाम का खुलासा नहीं कर सकती अगर ऐसा किया गया तो बैंक सूचनाएं साझा करने से इंकार कर सकते हैं।
ऐसे में सरकार के हाथ बंधे हुए हैं और इस बात को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल भी अच्छी तरह जानते हैं, उन्हें सत्ता में रहते इस मुद्दे का ख्याल नहीं आया। शर्मा ने राहुल पर आरोप जड़ते हुए कहा कि इधर उधर की बात न कर राहुल गांधी ये बता भ्रष्टाचार कहां कहां किया।