भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी अपने विरोधियों पर जमकर बरसे। मोदी ने कहा कि केरल और बंगाल में हमारे कार्यकर्ताओं पर हमले किए जाते हैं। वंशवाद और परिवारवाद का क्या हश्र हुआ है, ये नया भारत देख रहा है। स्थानीय पार्टियां भी एक परिवार और कुछ लोगों की पार्टी बनकर रह गई हैं।
पीएम मोदी बोले- उतर गया धर्मनिरपेक्षता का नकली नकाब
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी पार्टियों ने नकली धर्मनिरपेक्षता का नकाब पहना हुआ था, वो उतर गया है। यहां धर्मनिरपेक्षता का मतलब कुछ लोगों के लिए योजनाएं, वोटबैंक के लिए नीतियां बना दिया गया है, जो हर किसी के लिए नीति बना रहा है, उसे विरोधी सांप्रदायिक कहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजकल गलत नैरेटिव खड़े किए जा रहे हैं। सीएए-कृषि कानून और लेबर लॉ को लेकर लोगों को बरगलाया जा रहा है। इसके पीछे सोची समझी साजिश है और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना लक्ष्य है।
पीएम बोले - झूठ फैला रहा विपक्ष
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कभी अफवाह फैलाई जाती है कि संविधान बदल दिया जाएगा, नागरिका छीन ली जाएगी, किसानों की जमीन छीन ली जाएगी। पीएम ने कहा कि कुछ लोग हार नहीं झेल पाए हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं, कुछ लोगों की भाजपा से दुश्मनी है, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता को सतर्क रहना है और लोगों को सावधान करना है।
महिला और किसान भाजपा की प्राथमिकता: मोदी
मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी महात्मा गांधी की सोच को लागू करने में लगी हुई है और आखिरी व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि हम किसी से कुछ छीनते नहीं हैं बल्कि दूसरे व्यक्ति को उसका हक दिलाने में विश्वास रखते हैं। हमारी पार्टी छोटे किसानों को लाभ पहुंचाने में लगी है, नए कृषि कानून से लेकर अन्य कई योजनाओं के जरिए किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। भाजपा ने तीन तलाक को खत्म किया। घर की रजिस्ट्री में महिलाओं को प्राथमिकता दी है। यहां कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा अब दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जो सेवा के रास्ते पर चल रही है।