डॉ. हर्षवर्धन ने इसके साथ ही 'एक्स' पर एक पोस्ट भी साझा किया। जिसमें उन्होंने लिखा, "2024 में भाजपा की जीत के लिए तैयार हूं, गर्व से कहता हूं, मैं मोदी का परिवार हूं।" बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हाल ही पटना में विपक्षी महागठबंधन की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। जिसके बाद भाजपा के तमाम छोटे-बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपने नाम के आगे 'मोदी का परिवार' लिखना शुरू कर दिया। नाम के आगे 'मोदी का परिवार' लिखने वालों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा सहित देशभर के भाजपा सदस्य शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के समर्थकों ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 'मोदी का परिवार' लिखना शुरू कर दिया है। लालू प्रसाद यादव की टिप्पणी को लेकर भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि विपक्षी दल बीते 16-17 वर्षों से पीएम मोदी पर व्यक्तिगत हमले करते रहे हैं और उनके खिलाफ इस तरह की ओछी टिप्पणियां करते रहे हैं।
त्रिवेदी ने कहा था, "लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी के परिवार के विषय में यह बात कही, तो मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि पीएम मोदी के लिए पूरा देश ही उनका परिवार है। हम सब लोग अपने परिवार के साथ होली-दिवाली मनाते हैं। लेकिन मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली दिवाली सीमा पर जवानों के साथ मनाई थी। उसके बाद से अब तक हर साल उन्होंने सीमा की चौकियों पर जवानों के दिवाली मनाई है। पिछले 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से भी उन्होंने 'मेरे परिवारजनों' का कहा था। यह उनका परिवार है।"