Hathras Rape Case: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हाथरस सामूहिक दुष्कर्म मामले ने भाजपा की बेचैनी बढ़ा दी है। पार्टी को डर है कि यह मामला कहीं चार साल पहले हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या मामले की तरह तूल न पकड़ ले। लिहाजा पीड़िता की मौत के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
हालांकि दुष्कर्म का मामला करीब दो सप्ताह पुराना है, मगर मामले ने मंगलवार से तूल पकड़ा है। राज्य सरकार को किसी भी तरह से मामले को शांत करने का निर्देश दिया गया है। डैमेज कंट्रोल की रणनीति बनाने को कहा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि योगी सरकार जल्द ही इस मामले में स्थानीय प्रशासन के खिलाफ ठोस कार्रवाई करेगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति परिवार को कई दूसरी तरह की राहत दिए जाने की घोषणा करेगी।
दरअसल कानून व्यवस्था के सवाल पर केंद्र सरकार यूपी को लेकर चिंतित रही है। खासतौर से विधायक कुलदीप सेंगर और पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद के कारण राज्य सरकार विरोधियों के निशाने पर रही है। राज्य में 2022 में विधानसभा चुनाव है, मगर एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, महिलाओं और अनुसूचित जाति के लोगों के खिलाफ यूपी देश में सबसे आगे है। एनसीआरबी की साल 2019 की रिपोर्ट के मुताबिक देश में महिलाओं के खिलाफ हुए कुल अपराधों में अकेले यूपी की हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी थी। देश में कुल 405861 अपराध हुए इनमें अकेले यूपी में 59853 अपराध हुए। देश में एक साल में महिलाओं के खिलाफ जहां 7.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, वहीं यूपी में 14.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।