भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के पुत्र जय शाह से जुड़ी कंपनी के टर्नओवर में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी संबंधी कांग्रेस के दावे पर भाजपा ने पलटवार किया है।
पार्टी ने इस संबंध में एक समाचार वेबसाइट द्वारा दी गई जानकारी को आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि असत्य समाचार के प्रकाशन के लिए जय शाह जल्द ही संबंधी वेबसाइट, वेबसाइट के संपादक और रिपोर्टर के खिलाफ 100 करोड़ के आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
इस संबंध में कांग्रेस के आरोप और जांच की मांग के बाद गोयल ने कहा कि दी गई जानकारियां आधारहीन और अपमानजनक हैं। जय शाह कानून का पालन करने वाले जिम्मेदार उद्योगपति हैं।
उन्हें बैंक से ऋण नहीं मिला, इसलिए उन्होंने अनसिक्योर्ड ऋण लिया। इसे ब्याज सहित टीडीएस काट कर चुकाया। कंपनी ने सारे कर चुकाए हैं। इसके बाजवूद जानबूझ कर गलत आंकड़े दे कर झूठ फैलाने की कोशिश हो रही है।
गोयल ने कहा कि यह सही है कि 2015-16 में कंपनी का टर्नओवर 80 करोड़ रुपये था, मगर तब भी कंपनी को 1.5 करोड़ का घाटा हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि कॉमोडिटी मार्केट में नई कंपनी का टर्नओवर बढ़ना कोई बड़ी बात नहीं है।