पेगासस जासूसी मामले में घिरी केंद्र सरकार ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को मोर्चे पर उतारा है। विपक्ष के चौतरफा घेराव और गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग के बीच भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस की आलोचना की। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कांग्रेस को देश विरोधी मानसिकता वाला बताया तो मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज चौहान ने पूरे जासूसी मामले को लोकतंत्र को बदनाम करने की साजिश करार दिया। रूपाणी ने मंगलवार को कहा, कांग्रेस के साथ अन्य विपक्षी दल विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। ये भारत की छवि धूमिल करने के लिए पेगासस मामले में देश विरोधी मानसिकता से काम कर रहे हैं। जिस एजेंसी ने इस मामले को उठाया है, उसके पास इस बात का कोई सुुबूत नहीं हैं कि जासूसी वाले सॉफ्टवेयर या उसके डाटा का इस्तेमाल भारत में किया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने तो मंगलवार को ही इस मसले पर अपना बयान जारी कर दिया। उन्होंने कहा, पेगासस स्पाईवेयर के जरिए जासूसी कराने का मामला भारतीय लोकतंत्र को बदनाम करने की गहरी साजिश है। एनएसओ ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उसके ज्यादातर ग्राहक पश्चिमी देशों में हैं। इस मामले में भारत को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। कुछ विदेशी ताकतों और उनके कांग्रेसी मित्रों को देश का विकास पच नहीं पा रहा है। संसद के मानसून सत्र के एक दिन पहले पेगासस स्पाईवेयर के जरिए फोन टैपिंग मामले को सोच समझकर सामने लाया गया, ताकि गरीब, पिछड़े, महिलाओं एवं अन्य अहम मामलों पर चर्चा न हो सके। चौहान ने कहा, राजनीतिक ताकत में शून्य पर खड़े राहुल गांधी की जासूसी हम क्यों करेंगे। कांग्रेस का तो अपनी ही पार्टी के लोगों की जासूसी कराने का इतिहास रहा है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को इस मुद्दे पर प्रेसवार्ता की है। उन्होंने कहा, पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए विपक्षी दल संसद का कामकाज बाधित करना चाहते हैं। इस बार किसानों, महिलाओं व युवाओं को लेकर संसद में चर्चा होनी थी, लेकिन विरोधी दल कांग्रेस का सदा एक ही लक्ष्य रहा है कि जब भी देश मे कोई सकारात्मक काम शुरु होता है, उसे डिरेल करने का प्रयास किया जाए। यूपीए सरकार के दौरान 9000 फोन टैप किए गए थे। कांग्रेस पार्टी आज, पेगासस मामले की जांच की बात कह रही है। कांग्रेस यह भूल जाती है कि फोन टेपिंग तो उनका खुद का इतिहास रहा है। जब प्रणव मुखर्जी वित्त मंत्री थे तब उन्होंने गृह मंत्री पी चिदम्बरम पर अपनी जासूसी का आरोप लगाया था। चंद्रबाबू नायडू, जयललिता और अमर सिंह जैसे नेता भी कांग्रेस पार्टी पर जासूसी का आरोप लगा चुके हैं।
संसद नहीं चलने देने को लेकर योगी ने की विपक्ष की आलोचना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश में ‘नकारात्मक’ वातावरण बनाने और पेगासस जासूसी विवाद को लेकर संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने को लेकर विपक्ष की कड़ी आलोचना की और उनसे माफी मांगने को कहा। लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष के ‘नकारात्मक रवैये’ ने संसद में आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी। आदित्यनाथ ने कहा, ‘पिछले दो दिनों से विपक्ष पेगासस मुद्दे पर देश के वातावरण को दूषित करने का प्रयास कर रहा है और यह सिर्फ उनकी बीमार मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस सरकारें अपने कार्यकाल में ऐसा करती रही हैं और अब पार्टी विपक्ष में आकर भी वही कर रही है।’ उन्होंने विपक्ष पर कोविड-19 संकट के दौरान नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।
‘पेगासस’ का इस्तेमाल कर भारत में पत्रकारों, नेताओं, मंत्रियों, न्यायाधीशों और अन्य की जासूसी के आरोप के संदर्भ में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, ‘लोगों को समर्थन देने के स्थान पर कांग्रेस के नेताओं ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान अराजकता की स्थिति पैदा कर दी। ऐसे समय में जब संसद सत्र आहूत करने जैसा ठोस फैसला लिया गया है तो, सत्र शुरू होने से महज एक दिन पहले सनसनखेज बात सामने लायी गयी, समाज के वातावरण को दूषित करने का प्रयास किया जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि यह राजनीति के गिरने स्तर को दिखाता है। विपक्ष पूरी तरह से नकारात्मक भूमिका में है और जाने-अनजाने भारत को अस्थिर करने वाले किसी ना किसी अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का हिस्सा बन रहा है।
योगी ने सवाल किया, ‘यह ऐसी पहली घटना नहीं है। 2020 की शुरुआत में, तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान दिल्ली में भीषण हिंसा का दौर चला। क्या वह किसी साजिश का हिस्सा नहीं था?’
एमनेस्टी इंटरनेशनल पर तुरंत लगे प्रतिबंध: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, एमनेस्टी इंटरनेशनल की देश में सभी गतिविधियों पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए। पेगासस मामले में मानवाधिकार के लिए काम करने वाली इस संस्था की भी भूमिका है। इससे पहले भी इस संस्था की संदिग्ध भूमिका सामने आ चुकी है। सरमा ने इस पूरे मामले को मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए वाम संगठनों की अंतरराष्ट्रीय साजिश बताया।
मेरी सरकार ने कभी नहीं ली एनएसओ की सेवाएं: फडणवीस
भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, उनके सत्ता में रहते हुए महाराष्ट्र सरकार ने कभी भी एनएसओ की सेवाएं नहीं लीं। फडणवीस ने कहा, राज्य सरकार के प्रचार विभाग की एक टीम 2019 विधानसभा चुनावों के बाद और अगली सरकार बनने से पहले इस्राइल जरूर गई थी लेकिन वह यात्रा कृषि विकास उद्देश्यों के लिए थी। इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस ने डीजीआईपीआर टीम की इस यात्रा को लेकर फडणवीस पर भी जासूसी के आरोप लगाए थे।
मेरा फोन कभी हैक नहीं हुआ: प्रह्लाद जोशी
पेगासस की सूची में अपना नंबर होने के दावे को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि उनका फोन कभी हैक नहीं हुआ। जोशी ने कहा, मैंने पेगासस मामले की रिपोर्ट अखबारों में पढ़ी। मैं इतना बड़ा व्यक्ति नहीं हूं कि मेरा फोन हैक किया जाए। सरकार के जासूसी कराने का भी सवाल नहीं खड़ा होता, सरकार तो ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई करती है। इस तरह के आरोप लगाना या इसको लेकर सरकार पर सवाल उठाना गलत है। जोशी ने कहा, इस पर टिप्पणी करने की भी कोई जरूरत नहीं है।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी को बताया 'सॉफ्टवेयर'
भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता का जनहित के मुद्दों पर से ध्यान हटाने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है क्योंकि इस सत्र में 17 नए बिल आने वाले हैं जो जनहित और जनकल्याणकारी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस में राहुल गांधी जैसा ‘सॉफ्टवेयर’ है तब तक भाजपा को किसी सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है क्योंकि अभी तो कांग्रेस डबल डिजिट में है, लेकिन राहुल गांधी ऐसे ही काम करते रहे तो एक दिन कांग्रेस सिंगल डिजिट पर भी आ जाएगी।