भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे की शुरुआत कर दी। बुधवार को इस दौरे के पहले दिन उन्होंने कोलकाता में राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में बढ़ते अपराधों के लिए सीधे तौर पर ममता बनर्जी की सरकार जिम्मेदार है।
नड्डा ने कहा, 'बंगाल में महिलाओं के खिलाफ घरेलू अपराध, मानव तस्करी और दुष्कर्म सबसे ज्यादा होते हैं। ममता दी ने ये आंकड़े क्राइम ब्यूरो को देना बंद कर दिया है, यहां तक कि कोविड के आंकड़े भी नहीं बताए जा रहे हैं। राजनीतिक फायदों के लिए उनकी सरकार ने लोगों को मुख्यधारा से जुड़ने से रोका है।'
इससे पहले नड्डा ने कोलकाता में राज्य भाजपा के चुनाव कार्यालय और नौ जिला कार्यालयों का उद्घाटन किया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि बंगाल में ममता बनर्जी असहिष्णुता का दूसरा नाम बन चुकी हैं और यहां समर्पित ये सभी कार्यालय वो जगह हैं जहां से ममता की सरकार को उखाड़ फेंकने का निश्चय किया गया है।
बता दें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल की इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव होने हैं और भाजपा अभी से इसकी तैयारियों में पूरे जोर-शोर के साथ जुट गई है।