फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ये सनी लियोनी का मोबाइल नंबर है या नेटफ्लिक्स का? सोशल मीडिया पर वायरल नंबर की जानें सच्चाई

Sun, 05 Jan 2020 07:48 PM IST
Mohit Mudgal डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
caa support number - फोटो : social media
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार एक बार फिर गर्म है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक मोबाइल नंबर  88662-88662  बार-बार साझा किया जा रहा है और लोगों को बताया जा रहा है कि यह मोबाइल नंबर सनी लियोनी का है। जिसे उनसे दोस्ती करनी हो, वह इस नंबर पर मिस्ड कॉल करें।

विज्ञापन


कभी यही मोबाइल नंबर इस संदेश के साथ प्रसारित किया जा रहा है कि यह मोबाइल नंबर जियो मोबाइल कंपनी का है। कंपनी नए साल के अवसर पर लोगों को पूरे साल भर का इंटरनेट मुफ्त दे रही है। जिसे इस सुविधा का लाभ उठाना हो वह इस नंबर पर मिस्ड कॉल करे।

यही मोबाइल नंबर कभी बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता फ्री में देने के नाम पर प्रसारित किया जा रहा है तो कभी नेटफ्लिक्स की सेवाओं को मुफ्त पाने के नाम पर भी इसे फैलाया जा रहा है। इस नंबर पर मिस्ड कॉल करने के बाद पेटीएम से 500 रुपये मुफ्त में अकाउंट में आने की बात भी कही जा रही है।
विज्ञापन


इस वायरल संदेशों का असर कुछ लोगों पर पड़ भी रहा है। कुछ लोग इस नंबर पर मिस्ड कॉल कर भी दे रहे हैं। हालांकि कॉल करने के बाद किसी उपभोक्ता को कुछ नहीं मिल रहा है और लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। मिस्ड कॉल करने के बाद इस नंबर से किसी प्रकार का जवाब नहीं आ रहा है, बल्कि एक रिंग की आवाज के बाद कॉल अपने आप कट जा रही है। ऐसे में लोगों में यह उत्सुकता बनी हुई है कि आखिर यह मोबाइल नंबर किसका है और इसे प्रसारित करने के पीछे वायरल करने वालों की क्या मंशा हो सकती है?

क्या है मोबाइल नंबर की सच्चाई

दरअसल, यह नंबर भाजपा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम पर समर्थन जुटाने के लिए जारी किया है। इसका कारण यह है कि इस समय पूरे देश में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 को लेकर बवाल मचा हुआ है। समाज का एक वर्ग इस कानून को देश के संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ बताकर इसके विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रहा है।

देश में हुए अनेक विरोध प्रदर्शनों के दौरान अब तक कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। केंद्र में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी इन विरोध प्रदर्शनों से परेशान है और उसके शीर्ष नेता लगातार देश को यह भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धर्म के आधार पर पीड़ित होकर भारत आए लोगों को नागरिकता देने का कानून है। पार्टी इस अफवाह का भी विरोध कर रही है कि इस कानून के लागू होने के बाद देश के अल्पसंख्यकों की नागरिकता छीनने की कोशिश की जाएगी।

अमित शाह ने दी सफाई

इसे विपक्षी पार्टियों की साजिश बताते हुए भाजपा इसके समर्थन में अभियान भी चला रही है। भाजपा ने ही यह मोबाइल नंबर जारी करते हुए लोगों से इस पर मिस्ड कॉल करने की अपील की थी। पार्टी की अपील थी कि अगर आप इस कानून के समर्थन में हैं तो इस नंबर पर मिस्ड कॉल करके नागरिकता संशोधन अधिनियम का समर्थन करें।

इस मोबाइल नंबर को लेकर फैल रहे नकारात्मक संदेशों से भाजपा के नेता भी परेशान दिखाई पड़े। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि इस नंबर को लेकर फैलाई जा रही अफवाह को ध्यान न दें। यह नंबर कभी नेटफ्लिक्स कंपनी का नहीं रहा है।    

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें