इससे पहले निर्वाचन आयोग ने पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखें घोषित कर दी थीं। चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, गुजरात की दो, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट पर उपचुनाव होने हैं।
भाजपा ने नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए एडवोकेट मोहन जॉर्ज को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया। उपचुनाव के लिए मतदान 19 जून को होगा, जबकि मतगणना 23 जून को होगी। इससे पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने शुक्रवार को एम. स्वराज को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) का उम्मीदवार घोषित किया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने आर्यादान शौकत को अपना उम्मीदवार बनाया है।
विज्ञापन
टीएमसी उम्मीदवार के रूप में नीलांबुर उपचुनाव लड़ेंगे पीवी अनवर
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने अपने केरल राज्य समन्वयक पीवी अनवर को 19 जून को होने वाले नीलांबुर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। अनवर ने पहले मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और कहा था कि वे उपचुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। 13 जनवरी को अनवर के इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। इसके बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था। इस्तीफे से पहले उन्होंने टीएमसी नेताओं अभिषेक बनर्जी और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ चर्चा की थी। टीएमसी ने एक पोस्ट में कहा, माननीय अध्यक्ष श्रीमती ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में हमें 19 जून को होने वाले केरल विधानसभा उपचुनाव के लिए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।
विज्ञापन
इससे पहले चुनाव आयोग ने चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव का एलान कर दिया था। उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख 19 जून तय की गई है। नतीजे 23 जून को आएंगे। सभी पांच सीटें इस्तीफे या निधन की वजह से खाली हो गईं थी। जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें गुजरात की कादी और विसावदर विधानसभा सीट शामिल हैं। ऐसे ही केरल की नीलांबुर, पंजाब की लुधियाना और पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं।
उपचुनाव से जुड़ीं अहम तारीखें
चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन पांच सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनके लिए अधिसूचना 26 मई को जारी कर दी गई। नामांकन का आखिरी तारीख 2 जून है। नामांकन की जांच 3 जून को की जाएगी। उम्मीदवारों के पास अपने नाम वापस लेने मौका 5 जून तक मिलेगा। इन सीटों पर सभी चुनावी प्रक्रिया 25 जून से पहले पूरी की जानी हैं।
गुजरात की कादी सीट करसनभाई पंजाभाई सोलंकी के निधन की वजह से खाली हुई थी। ऐसे ही विसावदर विधानसभा सीट आप विधायक भयानी भूपेंद्रभाई गंदूभाई के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थी।
केरल की नीलांबुर सीट पीवी अनवर के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थी। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के साथ मतभेदों के बाद अनवर ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।
पंजाब की लुधियाना विधानसभा सीट पर गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन की वजह से उपचुनाव कराया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव इस वजह से कराया जा रहा है, क्योंकि यहां नसीरुद्दीन अहमद का निधान हो गया था।