देश की कौन सी पार्टी कितनी अमीर है और किस पार्टी को हर साल सबसे ज्यादा चंदा आता है इस बात पर काफी समय से बहस चल रही है। पिछले दिनों एडीआर की रिपोर्ट ने इसका खुलासा किया है कि एक साल में सबसे ज्यादा आय बसपा की है। बसपा की 2017 की कुल आय 173.58 करोड़ बताई है जबकि देश की सात राष्ट्रीय पार्टियों में से पांच पार्टियों ने साल 2016-17 के दौरान अपनी कुल आय 299.54 करोड़ रुपये बताई है।
लेकिन चौंकाने वाली बात है कि देश की दो बड़ी पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी कमाई का खुलासा नहीं किया है। यह जानकारी एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने दी है।
बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपनी ऑडिट हो चुकी रिपोर्ट को चुनाव आयोग को नहीं सौंपा है जबकि रिपोर्ट जमा करने की आखिरी तारीख को बीते तीन महीने से अधिक हो चुके हैं। सभी पार्टियों के लिए वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की आखिरी तारीख 30 अक्तूबर, 2017 थी।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम) (CPM) और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने समय से अपना ऑडिट रिपोर्ट जमा कर दिया था। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने रिपोर्ट को जमा करने की आखिरी तारीख खत्म होने के 22 दिन बाद जमा किया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने जमा करने की तारीख खत्म के लगभग दो महीने बाद अपनी ऑडिट रिपोर्ट 19 जनवरी, 2018 को जमा की।