सात चरणों में संपन्न हुए चुनाव के बाद गुरुवार की सुबह से आ रहे रुझानों ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत और केंद्र में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने की ओर इशारा कर दिया। रुझानों के बाद जीत का ऐसा माहौल बना कि पीएम मोदी को विदेश से भी बधाइयां आने लगी। देश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह के बीच दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल जारी है। जबर्दस्त स्वागत के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भगवा रंग में सजे भाजपा कार्यालय पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां अमित शाह ने पीएम मोदी का स्वागत किया।
-पूरे विश्व की ये सबसे बड़ी घटना है, देश आजाद हुआ, कितने लोकसभा के चुनाव हुए, सबसे अधिक मतदान इस चुनाव में हुआ। वो भी 40-42 डिग्री गर्मी के बीच में।
-आज स्वयं मेघराज भी इस विजयोत्सव में शरीक होने के लिए हमारे बीच हैं। 2019 लोकसभा के चुनाव में हम सब देशवासियों के पास नए भारत के लिए जनादेश लेने गए थे। आज हम देख रहे हैं कि देश के कोटि-कोटि नागरिकों ने इस फकीर की झोली को भर दिया है।
-ये जो मतदान का आंकड़ा है ये अपने आप में लोकतांत्रिक विश्व के इतिहास की सबसे बड़ी घटना है।
-जब महाभारत का युद्ध समाप्त हुआ तब श्री कृष्ण पूछा गया कि आप किसके पक्ष में थे, मैं समझता हूं कि जो भगवान कृष्ण ने जो जवाब दिया था 2019 चुनाव में, हिंदुस्तान के 130 करोड़ नागरिकों ने श्रीकृष्ण के रूप में जवाब दिया है।
-उन्होंने जवाब दिया था कि मैं किसी के पक्ष में नहीं था। उन्होंने कहा था कि मैं हस्तिनापुर के पक्ष में था।
-देश के सामान्य नागरिक की भावना भारत के उज्जवल भविष्य की गारंटी है। इस चुनाव में मैं पहले दिन से कह रहा था कि चुनाव कोई दल नहीं लड़ रहा, कोई उम्मीदवार, नेता नहीं लड़ रहा है, ये चुनाव देश की जनता लड़ रही है।
-आज मेरी उस भावना को जनता जनार्दन ने प्रकट कर दिया है इसलिए अगर कोई विजयी हुआ है तो हिंदुस्तान विजयी हुई है, लोकतंत्र विजयी हुआ है, जनता विजयी हुई है।
-इस लोकसभा चुनाव में जो विजय हुए हैं मैं दिल से बधाई देता हूं, सभी विजयी उम्मीदवारों जो किसी भी दल के हों, देश के उज्जवल भविष्य के लिए देश की सेवा करेंगे, इस विश्वास के साथ सभी को शुभकामना देता हूं।
-मैं इस लोकतंत्र के उत्सव में लोकतंत्र की खातिर जिन-जिन लोगों ने बलिदान दिया है, जो घायल हुए हैं, उनके पारिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।
-विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में बनने वाले सरकारों को हर संभव सहयोग का वादा करता हूं।
-इस पार्टी में ऐसे दिलदार लोग हैं, कोटि कोटि कार्यकर्ता, सिर्फ एक ही भाव, भारत माता की जय..और कुछ नहीं। निस्वार्थ भाव से काम किया। लोकतंत्र की आन बान शान बढ़ाने का काम किया।
____________________________________________________________