सूत्रों के मुताबिक 22 जून शुक्रवार को अमित शाह नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हरियाणा प्रदेश भाजपा की निगरानी कमेटी के साथ मौजूदा 10 भाजपा सांसदों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. अनिल जैन के अलावा सीएम मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और संगठन मंत्री सुरेश भट्ट विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा इस बैठक में हरियाणा से तीन केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के साथ-साथ प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भी शामिल होंगे।
23 जून को जम्मू
वहीं 23 जून को अमित शाह का जम्मू का कार्यक्रम है। पीडीपी गठबंधन से अलग होने के बाद यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। भाजपा 23 जून को 'मुखर्जी बलिदान दिवस' मना रही है। जहां वे राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के निदेशक डॉ. अनीरबन गांगुली के साथ सुबह 11 बजे जम्मू पहुंचेंगे। वहीं शाह का जम्मू के परेड ग्राउंड में भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली को भी संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। इसके अलावा वे प्रजा परिषद आंदोलन पर आधारित पुस्तक के लोकापर्ण के साथ जम्मू कन्वेंशन सेंटर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 65वें शहीदी दिवस पर बुद्धिजीवी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
24 जून को देहरादून
सूत्रों का कहना है कि 24 जून शनिवार को पार्टी अध्यक्ष का देहरादून दौरा है, जहां वे लोकसभा चुनाव और सांगठनिक कार्यक्रमों के संबंध में सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और मोर्चा व प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक लेंगे। उत्तराखंड में इसी साल नगर निकाय चुनाव भी होने है। ऐसे में शाह का यह दौरा कई मायनों में अहम है।
25-26 जून को अहमदाबाद दौरा
सूत्रों ने बताया कि 1975 में लगे आपातकाल के खिलाफ भाजपा हर साल काला दिवस मनाती है और इस बार अमित शाह उस दौरान गुजरात में होंगे। 25 जून को वे अहमदाबाद में होने वाले चिंतन शिविर में हिस्सा लेंगे। वहीं 26 जून को शाह मेंटीनेंस ऑफ इंटरनल सिक्योरिटी एक्ट, 1971 (मीसा) कानून में गिरफ्तार लोगों का 'मीसा वासी' कार्यक्रम के तहत उनका अभिनंदन करेंगे।
27-28 जून को पश्चिमी बंगाल
पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह 27 जून को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं, जहां वे दो दिनों तक राज्य में पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे और कई कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। सूत्रों ने बताया कि 27 जून को अमित शाह कोलकाता में बंकिम चंद्र चटोपाध्याय की जयंती के मौके पर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और बुद्धिजीवियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे टीएमसी को मात देने की रणनीति पर भाजपा आईटी सेल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भी शामिल होंगे। इस दिन वो कोलकाता में ही रुकेंगे और अगले दिन सुबह पुरुलिया दौरे पर जाने से पहले 51 शक्तिपीठों में से एक तारापीठ में जाकर देवी के दर्शन करेंगे। वीरभूम जिले में तारापीठ में पूजा के बाद शाह यहां भी बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक करेंगे।