संसद के पुस्तकालय भवन में चल रहे दो दिवसीय भाजपा अभ्यास वर्ग कार्यक्रम का आज आखिरी दिन है जहां भाजपा के राज्यसभा और लोकसभा सासंदों को राजनीति का पाठ पढ़ाया जा रह है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंच गए हैं। ज्ञात हो कि पीएम मोदी शनिवार को भी इस अभ्यास वर्ग में शामिल हुए थे।
इसके अलावा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह समेत सांसद गौतम गंभीर, रवि किशन, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, अनुराग ठाकुर, गिरिराज सिंह समेत सभी बीजेपी सांसद संसद भवन के लाइब्रेरी पहुंचे।
शनिवार को अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के अभ्यास वर्ग में उन्हें जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता बने रहने का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा, भाजपा लोगों की चेतना से जुड़कर बनी है। इसका गठन किसी पारिवारिक विरासत या इधर-उधर के लोगों से नहीं हुआ है।
उन्होंने सांसदों को नेता या मंत्री के बजाय हमेशा कार्यकर्ता की भूमिका में रहने की सलाह दी। मोदी ने कहा, सांसद कार्यकर्ताओं से रिश्ता बनाए रखें और उन्हें उपेक्षित महसूस न होने दें। उनके परिश्रम की वजह से ही पार्टी आज यहां पहुंची है। आप हमेशा एक छात्र की भूमिका में रहें ताकि नई बात सीखने में दिक्कत ना हो। शनिवार को अभ्यास वर्ग में एक कार्यशाला के दौरान पीएम सांसदों के बीच बैठे नजर आए।
इसी तर्ज पर अगले हफ्ते सांसदों के निजी सचिवों के लिए भी अभ्यास वर्ग होगा, जिसका संचालन राजनाथ सिंह करेंगे। भाजपा के इस बार 125 सांसद ऐसे हैं, जो पहली बार जीतकर संसद भवन पहुंचे हैं। भाजपा के संसदीय कार्यालय की ओर से सभी सांसदों को तीन और चार अगस्त को दिल्ली में ही रहने का आदेश दिया गया है।
वहीं कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा के सभी महासचिवों की आज शाम सात बजे बैठक बुलाई है। यह बैठक पार्टी के मुख्यालय में होगी।