भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सोमवर छह अप्रैल को अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में से है जिसने कोरोना वायरस की गंभीरता को समझा और इसके खिलाफ एक व्यापक जंग की शुरुआत की। ये लंबी लड़ाई है, न थकना है, न हारना है। लंबी लड़ाई के बाद भी जीतना है। विजयी होकर निकलना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पांच आग्रह किए जिसमें कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जुटे डॉक्टर, नर्स, सफाई कर्मचारी आदि को धन्यवाद देना शामिल है। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पीएम-केयर्स फंड में सहयोग करने का अनुरोध किया।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई लंबी है
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये लंबी लड़ाई है, न थकना है, न हारना है। लंबी लड़ाई के बाद भी जीतना है। विजयी होकर निकलना है। आज देश का लक्ष्य एक है, मिशन एक है, और संकल्प एक है- कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जीत। कल भी, रात को 9 बजे, हमने 130 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति के दर्शन किए हैं। हर वर्ग, हर आयु के लोग, अमीर गरीब, पढ़ा-लिखा हो, अनपढ़ हो, सभी ने मिलकर, एकजुटता की इस ताकत को नमन किया, कोरोना के खिलाफ लड़ाई का अपना संकल्प और मजबूत किया।
भारत ने दुनिया के सामने प्रस्तुत किया उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी से निपटने के लिए भारत के अबतक के प्रयासों ने दुनिया के सामने एक अलग ही उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारत दुनिया के उन देशों में से है जिसने कोरोना वायरस की गंभीरता को समझा और इसके खिलाफ एक व्यापक जंग की शुरुआत की। भारत ने एक के बाद एक निर्णय किए। उन फैसलों को जमीन पर उतराने का भरसक प्रयास किया। हर स्तर पर एक के बाद एक प्रोएक्टिव होकर भारत ने कई फैसले लिए। राज्य सरकारों के सहयोग से इन फैसलों को गति भी मिली। भारत ने जिस तेजी और समग्रता से काम किया है। उसकी प्रसंशा सिर्फ भारत ने ही नहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी की है। सभी सरकारों को साथ लेकर आगे बढ़ने में काई कमी न रहे इसकी चिंता की।