फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्या बिसलेरी का पैकेज्ड पानी सुरक्षित नहीं?: एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन को दी मंजूरी, चलेगा मुकदमा

Sun, 22 Nov 2026 09:20 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बिसलेरी इंटरनेशनल के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना दो प्रयोगशालाओं की जांच में असुरक्षित पाया गया है। एफएसएसएआई ने ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा और पीएएच की मौजूदगी मिलने के बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। आखिर पानी में कौन-सी गड़बड़ी मिली? कंपनी की अपील के बाद भी नमूना असुरक्षित क्यों घोषित हुआ? अब कंपनी पर क्या कानूनी कार्रवाई होगी? आइए, विस्तार से पूरे मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
बोतलबंद पानी पीने वालों के लिए अहम खबर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन यानी मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक सैंपल की जांच में तय मानकों का उल्लंघन पाया गया। खाद्य नियामक के मुताबिक, पानी के नमूने में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा मिली थी। इसके बाद इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया। कंपनी की अपील पर दोबारा जांच कराई गई, लेकिन रेफरल लैब की रिपोर्ट में भी पानी को असुरक्षित पाया गया। इस बार जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी सामने आई।
विज्ञापन


बिसलेरी के पानी में जांच के दौरान क्या गड़बड़ी मिली?
एफएसएसएआई के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नियामक नमूना लिया गया था। यह नमूना सामान्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का था, मिनरल वाटर का नहीं। प्रयोगशाला में जांच के दौरान इसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इस नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया। ब्रोमेट एक ऐसा रासायनिक पदार्थ है, जिसकी पानी में मौजूदगी के लिए निर्धारित सीमा का पालन करना जरूरी है। नियामक ने कहा कि तय सीमा से अधिक मात्रा मिलने पर खाद्य सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन माना जाता है। इसी आधार पर कंपनी के पानी के नमूने को सुरक्षित नहीं माना गया।

कंपनी की अपील के बाद दोबारा जांच में क्या सामने आया?
पहली जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद कंपनी ने इसके खिलाफ अपील की। इसके बाद पानी के नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। एफएसएसएआई के अनुसार, दूसरी जांच में भी नमूना असुरक्षित पाया गया। इस बार पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी पीएएच की मौजूदगी का पता चला। यह रासायनिक यौगिकों का एक समूह है। रेफरल लैब की जांच में सामने आए नतीजों ने खाद्य सुरक्षा कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की। यानी कंपनी की अपील के बावजूद जांच के नतीजे उसके पक्ष में नहीं आए।
विज्ञापन


एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ क्या कार्रवाई की?
दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी का नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि अब कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी अपने आप में अदालत की ओर से कंपनी को दोषी ठहराया जाना नहीं है। इस साल एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज की है। नियामक ने एनर्जी ड्रिंक और मादक पेय बनाने वाली कंपनियों पर भी शिकंजा कसा है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें