आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने बिहार चुनाव मतगणना पर कहा कि 'बिहार चुनाव के रुझान बताते हैं कि लोग नरेंद्र मोदी के साथ हैं। जनता का जितना विश्वास प्रधानमंत्री मोदी में है, उतना किसी अन्य नेता में नहीं।'
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार चुनाव के रुझानों पर कहा, 'ये अप्रत्याशित नहीं है। हमने पहले से ही कहा था। हमने कहा था कि प्रचंड बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। ये कोई नई बात नहीं हुई। हम उसी दिशा में जा रहे हैं। किसी भी स्थिति में हम 160 से नीचे नहीं आएंगे।'
ये भी पढ़ें-
Election Result Live: बिहार में फिर चला मोदी-नीतीश का जादू; नगरोटा सीट पर हुए उपचुनाव में जीतीं देवयानी राणा
'यह बिहार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है'
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'हमें इसे (रुझानों को) स्वीकार करना होगा। यह बिहार के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं जनता से कुछ नहीं कह सकता, मैं सिर्फ उनके फैसले का स्वागत करता हूं, लेकिन यह बिहार के लिए दुर्भाग्य है।'
'बिहार के पांडव कमाल हैं'
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'इस जीत का कारण एक मात्र मोदी-नीतीश में बिहार की जनता का विश्वास है। ये जीत है विश्वास की, मोदी नीतीश से आस की, जो बुझी है उस विशेष प्यास की, ये जीत है बिहारियों के अरदास की...बिहार के पांडव कमाल हैं, ये 5 दलों का गठबंधन अद्भुत है।'
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, 'लोकतंत्र खतरे में है। जो हालात हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में बने हैं वही हालात यहां बने हैं। जिस प्रकार से ये धन बल का प्रयोग करते हैं लोग कल्पना नहीं कर सकते हैं। चुनाव आयोग इनका साथ दे रहा है। अगर निष्पक्ष चुनाव नहीं होते हैं तो वो वोट चोरी है। चुनाव चलते हुए 1 करोड़ 35 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार गए। चुनाव आयोग को क्या हो गया है? राजस्थान में चुनाव की घोषणा के बाद पेंशन मिलना बंद हो गई थी। वहां सब जारी रहा।'
बिहार के रुझानों पर जदयू पार्टी ने प्रतिक्रिया देते हुए पोस्ट किया, जिसमें जदयू ने लिखा कि 'न भूतो न भविष्यति.. नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।'
वहीं राजद सांसद मनोज झा ने कहा, 'वोटों की गिनती जारी है। एक मनोवैज्ञानिक खेल भी चल रहा है। हमने पाया कि 65-70 से अधिक सीटों पर अंतर 3000-5000 वोटों से कम है, और हमें यकीन है कि उन सीटों पर स्थिति बदल सकती है। वोटों की गिनती बेहद धीमी है। यह सिर्फ शुरुआती रुझान है; हमने ऐसे रुझानों को अंत तक बदलते देखा है।'
बिहार के नतीजों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ प्रदर्शन की राजनीति के आधार पर जनादेश देती है। नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी व एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ देने वाले बूथ कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।'
अमित शाह ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा, 'बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।'
नीतीश कुमार ने बिहार चुनाव के नतीजों पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा 'बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों- श्री चिराग पासवान जी, श्री जीतन राम मांझी जी एवं श्री उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद एवं आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।'