नीतीश कुमार ने वैसे तो पटना की एनआईटी से इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है, लेकिन वे सियासी अभियांत्रिकी में माहिर हैं। वे समाजवादी विचारधारा के समर्थक हैं। उन्होंने अपने राजनैतिक पाठ दिग्गज समाजवादी नेताओं जैसे जयप्रकाश नारायण, राममनोहर लोहिया, एसएन सिन्हा, कर्पूरी ठाकुर और वीपी सिंह से पढ़े हैं।
रेलवे में किए क्रांतिकारी बदलाव
नीतीश कुमार भारत सरकार में रेल मंत्री, भूतल परिवहन और फिर कृषि मंत्री रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान, नीतीश कुमार ने रेलवे में क्रांतिकारी बदलाव किए जैसे इंटरनेट टिकिट बुकिंग, टिकिट बुकिंग के लिए काउंटर की संख्या में जबरदस्त इजाफा और इन सबसे बढ़कर तत्काल सुविधा की शुरूआत। नीतीश कुमार के रेल मंत्री कार्यकाल के दौरान ही गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस का कोच जलाने का कांड हुआ था।
22 फरवरी 1973 को नीतीश कुमार ने मंजु कुमारी सिन्हा (एक शिक्षिका) से शादी की। उनका निशांत नाम का एक पुत्र हैं, जो बीआईटी मेसरा से ग्रेजुएट है। नीतीश कुमार की पत्नी मंजु कुमारी सिन्हा की 53 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई थी। नीतीश कुमार शराब, सिगरेट का सेवन बिल्कुल नहीं करते। उनका निकनेम 'मुन्ना' है।
तेजस्वी प्रसाद यादव : जन्मघुट्टी में मिली सियासत
तेजस्वी प्रसाद यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को पटना में हुआ। वह भारतीय क्रिकेटर हैं और झारखंड की टीम की तरफ से खेलते हैं। तेजस्वी प्रसाद यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की नौ संतानों में से एक हैं। उनकी पढ़ाई दिल्ली पब्लिक स्कूल दिल्ली से हुई। वह कक्षा नवीं तक पढ़े हैं, लेकिन सियासत उन्हें जन्मघुट्टी में मिली है। वह पिता लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक उत्तराधिकारी भी हैं।
देल्ही डेयर डेविल्स ने चार बार खरीदा
तेजस्वी को आईपीएल में खेलने के लिए देल्ही डेयरडेविल्स ने वर्ष 2008, 2009, 2011 और 2012 में खरीदा था। सूत्रों के अनुसार, उन्हें 30 से 40 लाख रुपये में खरीदा गया था। वह एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर, अच्छे विकेटकीपर और बल्लेबाज हैं। उनकी प्रतिभा बहुत कम उम्र में ही सामने आने लगी थी जब उनकी माता बिहार की मुख्यमंत्री बनी थीं। वह बॉलिंग में सीम, स्पिन, मीडियम एस, लेग-ब्रेक और ऑफ-ब्रेक कर लेते हैं। वह डीप डाउन बल्लेबाजी करते हैं।