बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने व्यस्तता का हवाला देते हुए सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई विपक्षी नेताओं की बैठक में आने से इनकार कर दिया। मगर इसके ठीक एक दिन बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लंच करने के लिए दिल्ली आने को तैयार हो गए हैं। दरअसल मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ के सम्मान में भोज दे रहे हैं और उन्होंने इसमें शामिल होने के लिए नीतीश कुमार को भी आमंत्रित किया है।
सोनिया गांधी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने जदयू प्रतिनिधि के तौर पर शरद यादव और के सी त्यागी को भेजा था। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल को कहा कि इतने कम समय की सूचना पर नहीं आ सकते थे।
शुक्रवार को सोनिया की लंच पार्टी में नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। जबकि इसके अगले ही दिन पीएम मोदी के कार्यक्रम में शिरकत करने के उनके फैसले से सियासी चर्चा तेज हो गई है।