पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद बिहार में एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में रोड शो करेंगे। भाजपा इस आयोजन के जरिए विपक्ष को अपनी एकजुटता और चुनावी ताकत का संदेश देना चाहती है।
पश्चिम बंगाल में अपनी प्रचंड विजय का जश्न भाजपा बिहार में मनाएगी। बंगाल में शपथग्रहण से दो दिन पहले बृहस्पतिवार को पटना में सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के जरिये होने वाली मेजर सर्जरी को भी भाजपा ने उत्सव में बदल दिया है।
विज्ञापन
बिहार में एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जद (यू) सुप्रीमो नीतीश कुमार पटना में रोड शो भी करेंगे। पार्टी इसे महज प्रशासनिक कवायद नहीं, बल्कि विपक्ष को एनडीए की एकजुटता, ताकत और चुनावी आत्मविश्वास दिखाने वाले बड़े राजनीतिक मंच के तौर पर पेश करना चाहती है। बीते महीने पीएम मोदी की अनुपस्थिति के कारण सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण का समारोह अपेक्षाकृत सादा रहा था। उससे उलट, इस बार गांधी मैदान में गृह मंत्री अमित शाह और अन्य भाजपा नेताओं के साथ ही एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी इसे राष्ट्रीय स्तर के शक्ति प्रदर्शन में बदलने जा रही है। बृहस्पतिवार को पीएम मोदी, नीतीश, रक्षा मंत्री राजनाथ समेत राजग के कुछ अन्य नेताओं के साथ एयरपोर्ट से 8 किमी का रोड शो करते हुए गांधी मैदान स्थित समारोह स्थल पहुंचेंगे। समारोह की तैयारी और मंत्रिमंडल की अंतिम सूची पर मुहर लगाने केलिए गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की शाम ही पटना पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में 27 मंत्री, जदयू के 11, भाजपा के 12, लोजपा (आर) के दो, आरएलएम व हम के एक-एक मंत्री शपथ लेंगे।
समारोह इसलिए भी खास
बीते 15 अप्रैल को जब सम्राट चौधरी ने सीएम और जदयू के विजय चौधरी व बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम की शपथ ली थी, तब कई कारणों से समारोह बेहद सादा रहा था। राज्य में अपने सीएम का सपना पूरा होने के बावजूद इस मौके पर पीएम मोदी समेत भाजपा के कई दिग्गज मौके पर मौजूद नहीं थे। अब असम में जीत की हैट्रिक और पूर्वी भारत के सबसे अहम राज्य पश्चिम बंगाल में कमल खिलाने के बाद भाजपा राजग की शक्ति व एकजुटता का संदेश देना चाहती है।
विज्ञापन
विधानसभा अध्यक्ष और गृह मंत्रालय भाजपा को
तय फार्मूले के मुताबिक जदयू को दो डिप्टी सीएम समेत मंत्रिमंडल में 16 पद मिलेंगे। इनमें से 11 मंत्रियों के बृहस्पतिवार को शपथ लेने की उम्मीद है। इसी दिन भाजपा के 12, लोजपाआर के दो, आरएलएम-हम के एक-एक मंत्री शपथ लेंगे। गृह मंत्रालय सीएम सम्राट अपने पास रखेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष का पद पहले की तरह भाजपा के पास रहेगा। विभाग बंटवारे पर देर रात शाह की जदयू नेताओं के साथ होने वाली बैठक में मुहर लगेगी।