फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: वीर सावरकर को भारत रत्न की मांग करेगी भाजपा, पांच साल में सूखा मुक्त होगा प्रदेश

Tue, 15 Oct 2019 10:52 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है।
विज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में पांच साल में एक करोड़ नौकरियां देने और प्रदेश को सूखा मुक्त बनाने का वादा किया गया है। साथ ही वादा किया गया है कि भाजपा वीर सावरकर, महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, भाजपा ने इसे 'संकल्प पत्र' नाम दिया है। 

विज्ञापन


मुंबई के बांद्रा-पश्चिम में स्थित रंगशारदा सभागार में मंगलवार को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'संकल्प पत्र' हाथों में लेकर जारी किया। इस मौके पर सीएम फडणवीस ने संकल्प पत्र जारी करने के दौरान का वीडियो भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया। 

बता दें कि महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में भाजपा जहां शिवसेना और आरपीआई के साथ गठबंधन में चुनावी मैदान में उतरी है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ गठबंधन किया है। महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को मतदान होना है। चुनावी नतीजे 24 अक्तूबर को आएंगे।

 

एनसीपी नेता रामराव और पठारे ने ली भाजपा की सदस्यता

विज्ञापन

महाराष्ट्र के लिए घोषणा पत्र जारी किए जाने से पहले भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष एनसीपी नेता रामराव वाडकुटे और पूर्व विधायक बापू पठारे ने पार्टी की सदस्यता ले ली। 

महाराष्ट्र के लिए ये हैं भाजपा के चुनावी वादे

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। - फोटो : ANI

1. कृष्णा कोयना और अन्य नदियों में बहने वाले अतिरिक्त पानी को पश्चिमी महाराष्ट्र के स्थायी रूप से सूखे हिस्से में ले जाएगा।
2. अगले 5 साल में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कृषि में इस्तेमाल होने वाली बिजली सौर ऊर्जा पर आधारित हो। साथ ही किसानों को 12 घंटे से अधिक बिजली दी जाएगी।
3. आने वाले पांच सालों में एक करोड़ नौकरियां पैदा करेंगे। एक करोड़ परिवारों को महिला बचत समूह से जोड़कर विशेष रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।
4. 2022 तक प्रत्येक व्यक्ति को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। बुनियादी सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
5. घरेलू बिजली में 300 यूनिट की खपत पर इसकी दर को 30 फीसदी तक कम करने का वादा किया है। 
6. साथ ही महाराष्ट्र में गांवों तक विशेष बस सेवा शुरू करने का भी वादा किया गया है। 
7. भाजपा ने महाराष्ट्र के जरूरतमंद किसानों को हर साल दस हजार रुपये देने, कृषि ऋण माफी, उर्वरकों की कीमत तय करना, व्यक्तिगत किसानों को फसल बीमा योजना के लाभार्थी बनाने का भी वादा किया है।
8. राज्य में सभी सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए स्वतंत्र और स्थायी तंत्र विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से, सभी गांव—बस्तियों को 12 महीने तक चलने वाली सड़कों से जोड़ा जाएगा।
9. भाजपा वीर सावरकर, महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। 

सूखा मुक्त होगा महाराष्ट्र: भाजपा
महाराष्ट्र में सूखे की समस्या एक अहम मुद्दा है। ऐसे में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में इसे जगह दी है। पार्टी ने वादा किया है कि वह आने वाले 5 वर्षों में महाराष्ट्र को सूखे से मुक्त कर देगी। इसके तहत गोदावरी की घाटी से लेकर मराठवाड़ा तक पश्चिम की ओर बहने वाली नदियों और प्रदेश के उत्तरी भाग की नदियों का पानी रोका जाएगा। प्रदेश को सूख मुक्त बनाने के लिए 11 बांधों को मिलाकर मराठवाड़ा वाटर ग्रिड बनाया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता पर जोर

शिक्षा के लिए, छात्रवृत्ति और वित्तीय सहायता का दायरा बढ़ाने के वादे को भी घोषणा पत्र में जगह मिली है। भाजपा का कहना है कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए गुणवत्ता संस्थानों की स्थापना के बारे में विचार कर रही है। 

बेघरों को 2022 तक घर, बुनियादी ढांचे में 5 लाख करोड़ का निवेश
इसके साथ ही 2022 तक सभी बेघर लोगों को घर देने और बुनियादी ढांचे में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश करने का भी वादा किया गया है। घोषणा पत्र के अनुसार, सभी श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जाएगा।

जनस्वास्थ्य का पूरा ध्यान
भाजपा के घोषणा पत्र में स्वास्थ्य के मुद्दे को केंद्र में रखा गया है, जो कि महाराष्ट्र के लिए एक और नई पहल है। राज्य में स्वास्थ्य के क्षेत्र में रोगनिरोधी, मुस्तैद और आरोग्यकारी तंत्र विकसित किया जाएगा। 30 साल की उम्र तक के सभी लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, टीबी, कुष्ठ रोग, दंत चिकित्सा और मानसिक जांच की जाएगी, ताकि बीमारियों का खतरा बढ़ने से पहले ही रोका या कम किया जा सके।
विज्ञापन

पीएमसी बैंक के मामले पर केंद्र से बात करेंगे: फडणवीस

इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम केंद्र से अनुरोध करेंगे कि पीएमसी बैंक के खाताधारकों-जमाकर्ताओं को उनके पैसे वापस दिलाने में मदद करे। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से इस पर काम कर रहा हूं ताकि पीएमसी खाताधारकों को उनका सारा पैसा वापस मिल सके।

गहन अध्ययन के बाद तैयार किया घोषणा पत्र: जेपी नड्डा
घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र सिर्फ कागज का एक टुकड़ा मात्र नहीं है। इसे गहन अध्ययन के बाद तैयार किया गया है और पार्टी इसमें किए गए वादों के प्रति पूरी तरह से गंभीर है।

उन्होंने कहा कि मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस और दूसरी पार्टियों ने घोषणा पत्र की प्रभावी क्षमता और छवि को धूमिल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समाज के आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है। हम गरीबों, ग्रामीणों, किसानों, आदिवासियों और दूसरी पिछड़ी जातियों को मुख्यधारा में लाने के लिए कृतसंकल्प हैं।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पांच साल पहले तक महाराष्ट्र एक दागी और भ्रष्टाचार से भरा हुआ राज्य था। यहां अस्थिरता का माहौल था। मुख्यमंत्री की कुर्सी म्यूजिकल चेयर की तरह हो गई थी, यही प्रदेश के खराब और बुरे शासन-प्रशासन की वजह थी।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें