पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र से भी पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे दिवंगत मुलायम सिंह यादव को 'भारत रत्न' देने की मांग उठी है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कार्याध्यक्ष मो आरिफ (नसीम) खान ने देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक इस बारे में पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्याध्यक्ष नसीम खान ने कहा कि पिछले छह दशक से उत्तर प्रदेश और देश के लिए बहुत कुछ करने वाले मुलायम सिंह यादव ने वंचित समाज के गरीब-अमीर, हिंदू-मुसलमान, अगड़ा-पिछड़ा सभी को एक धागे में पिरोने का काम किया। समाजवाद और संविधान की रक्षा के लिए उन्होंने हमेशा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। उनके संघर्ष और देश के लिए किए गए योगदान को देखते हुए उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। नसीम खान उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले के मूल निवासी हैं और मुंबई में न केवल मुस्लिम समाज, बल्कि उत्तर भारत के नेता हैं।
2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार होगी
इस बीच नसीम खान ने बुधवार को कहा कि राज्य में 2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार होगी। खान ने कहा कि वह पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की इस टिप्पणी का स्वागत करते हैं कि कांग्रेस 2024 में राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में गैर-भाजपा सरकार बनाएगी।