कोरोना वायरस रोधी टीका कोवाक्सिन बनाने वाली फार्मा कंपनी भारत बायोटेक ने संयुक्त राज्य अमेरिका में इस टीके के क्लीनिकल ट्रायल कराने का फैसला किया है। अमेरिका ने हाल ही में इस टीके को आपात उपयोग की मंजूरी देने से इनकार कर दिया था।
भारत बायोटेक ने कहा है कि वह कोवाक्सिन के लिए मार्केटिंग आवेदन को समर्थन देने के लिए अमेरिका में क्लीनिकल ट्रायल आयोजित करेगी। इससे पहले अमेरिकी खाद्य एवं दवा नियामक (यूएसएफडीए) ने कोवाक्सिन को झटका देते हुए इसके आपातकालीन उपयोग की अनुमति को खारिज कर दिया था। भारत सरकार ने इसे लेकर कहा था कि हम इस फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन इसका हमारे टीकाकरण कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन
यूएसएफडीए ने भारत बायोटेक कंरनी के अमेरिकी साझेदार ओक्यूजेन इंक को सलाह दी है कि वह कोवाक्सिन टीके के इस्तेमाल की मंजूरी पाने के लिए अतिरिक्त आंकड़ों के साथ जैविक लाइसेंस आवेदन (बीएलए) के जरिए अनुरोध करे। ऐसे में कोवाक्सिन टीके को अमेरिकी मंजूरी मिलने में अब थोड़ा और समय लग सकता है। उल्लेखनीय है कि बीएलए, एफडीए की एक 'पूर्ण अनुमोदन' व्यवस्था है, जिसके तहत दवाओं और टीकों की मंजूरी दी जाती है।