Bharat Biotech Nasal Vaccine: भारत बायोटेक की कोविड रोधी नेजल वैक्सीन iNCOVACC को कोविन पोर्टल पर लिस्ट कर दिया गया है। कंपनी ने कहा है कि जल्द ही यह बाजार में उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह कोविड वैक्सीन पहले निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी।
भारत बायोटेक की कोविड रोधी नेजल वैक्सीन iNCOVACC बहुत जल्द निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को दुनिया की पहली नेजल वैक्सीन को लॉन्च किया था। अब इस कोविड वैक्सीन को कोविन पोर्टल पर लिस्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि iNCOVACC पहले निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञापन
अब लोगों के मन में ये सवाल उठने स्वाभाविक हैं कि इस टीके की कीमत कितनी है और कौन लोग इसके लिए पात्र होंगे? मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल यह वैक्सीन 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को दी जाएगी। खास बात यह है कि iNCOVACC को बूस्टर डोज के तौर पर ही दिया जाएगा। जो लोग कोविड टीके की दो डोज ले चुके हैं, वही इसके लिए पात्र होंगे। इस टीके को प्राइमरी वैक्सीन के रूप में भी देने की मंजूरी मिली है।
नेजल वैक्सीन की कीमत
भारत बायोटेक ने iNCOVACC नेजल वैक्सीन की कीमत की जानकारी भी दी है। कंपनी के मुताबिक, केंद्र या राज्य सरकारों को यह वैक्सीन 325 रुपये प्रति शॉट में मिलेगी। निजी अस्पतालों को यह 800 रुपये प्रति शॉट में मिलेगी। इस पर अलग से जीएसटी लगेगा। कंपनी ने कहा है कि जल्द ही यह बाजार में उपलब्ध होगी।
विज्ञापन
वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के सहयोग किया विकसित
नेजल वैक्सीन को भारत बायोटेक ने वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन (WUSM) के साथ मिलकर बनाया है। इस नेजल वैक्सीन का नाम iNCOVACC रखा है। पहले इसका नाम BBV154 था। इस वैक्सीन को नाक के जरिए शरीर में पहुंचाया जाता है। शरीर में जाते ही यह वैक्सीन कोरोना के इन्फेक्शन और ट्रांसमिशन दोनों को ब्लॉक करती है।
डीजीसीआई ने पिछले साल सितंबर में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को आपातकालीन उपयोग के लिए भारत बायोटेक के इंट्रानैजल कोविड-19 वैक्सीन इनकोवैक को मंजूरी दी थी। भारत बायोटेक ने डीजीसीआई से इंट्रानैजल हेट्रोलॉगस बूस्टर के लिए बाजार प्राधिकरण के लिए भी आवेदन किया था।