टीका निर्माता भारत बायोटेक के संस्थापक डॉ. कृष्णा एल्ला ने 72वें इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस में भाग लेने नागपुर पहुंचे। कोविड वैक्सीन की तीन खुराक की आवश्यकता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी इस संबंध में काम कर रही है।
टीका निर्माता भारत बायोटेक के संस्थापक डॉ. कृष्णा एल्ला ने शोध से जुड़े प्रोत्साहन और देश में विकसित व पेटेंट नवाचार वाले नए उत्पादों के लिए कर छूट की वकालत की। नागपुर में 72वें इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस से इतर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, भारतीय कंपनियों के लिए रिसर्च से जुड़ा प्रोत्साहन बहुत महत्वपूर्ण है। मैं मंत्रालय से अनुरोध करूंगा कि भारत में दर्ज पेटेंट से बनने वाले किसी भी उत्पाद को कर में छूट दी जाए। यह उद्यमियों को नवाचार के लिए प्रेरित करेगा।
विज्ञापन
इससे पहले दिन में यहां इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस को संबोधित करते हुए भारत के औषधि महानियंत्रक डॉ. वीजी सोमानी ने कहा था कि केंद्र सरकार देश में बायोटेक उत्पादों के अनुसंधान और विकास को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन संबंधी प्रोत्साहन (Production Linked Incentive) योजना की तर्ज पर शोध से जुड़ा प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू करने के लिए तैयार है।
एक के बजाय कोविड वैक्सीन की तीन खुराक की आवश्यकता के बारे में पूछे जाने पर डॉ. कृष्णा एल्ला ने कहा कि उनकी कंपनी इसे लेकर काम कर रही है। तीन दिवसीय इंडियन फार्मास्युटिकल कांग्रेस में स्वास्थ्य क्षेत्र, शिक्षा और सामुदायिक फार्मेसी से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें देश-विदेश के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।