फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Bandh Live Updates: बंगाल में कई जगहों पर हिंसा, दिल्ली-मुंबई में बंद का असर नहीं

Wed, 08 Jan 2020 06:22 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

  • श्रमिकों संगठनों के बंद का मिश्रित असर, ट्रेन सेवाओं पर असर
  • पश्चिम बंगाल में आंशिक असर, आंदोलनकारियों ने ट्रेन-बस सेवाएं रोकीं
  • राहुल गांधी ने बंद का समर्थन किया, कांग्रेस का वार- पीएम उद्योगपतियों से मिलते हैं, कर्मचारियों से मिलने का समय नहीं
  • भारत बंद का यूपी में असर न के बराबर, प्रयागराज में प्रदर्शन
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:13 PM, 08-Jan-2020

बंद का संज्ञान ले केंद्र सरकार, हर वर्ग दुखी : पायलट

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार को केंद्रीय श्रमिक संगठनों के भारत बंद का संज्ञान लेना चाहिए क्योंकि उसकी संवादहीनता के कारण देश का हर वर्ग दुखी है। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने देशव्यापी हड़ताल का जिक्र करते हुए कहा कि हर वर्ग आज दुखी है, फिर चाहे वह सरकारी कर्मचारी हों, या मध्यम वर्ग, गरीब तबका या छात्र। सरकार को आज के बंद का संज्ञान लेना चाहिए। बंद या हड़ताल तब होती है जब सारे विकल्प विफल हो जाते हैं। मुझे लगता है कि केंद्र सरकार की तरफ से संवाद की बहुत कमी है। 
 

06:05 PM, 08-Jan-2020

दिल्ली-मुंबई में बंद का असर नहीं

दिल्ली में भारत बंद का खास असर नहीं दिखा। परिवहन सामान्य रहा और स्कूल-कॉलेज सामान्य रूप से खुले। बाजार भी अन्य दिनों की तरह खुले नजर आए। 

वहीं, महाराष्ट्र में भी राष्ट्रव्यापी बंद का कुछ खास असर देखने को नहीं मिला है क्योंकि देश की वित्तीय राजधानी कही जाने वाली मुंबई समेत कई जिलों में यातायात और बैंकिंग सेवाओं पर इसका कोई ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा। राज्य में अब तक किसी भी तरह की अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है। मुम्बई की ‘जीवन-रेखा’ कही जाने वाली उपनगरीय ट्रेनें, बसें, ऑटो-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक वाहन सामान्य रूप से चल रहे हैं। पुणे में भी यातायात सेवा पर बंद का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। शैक्षणिक संस्थान और कारोबारी प्रतिष्ठान भी आम दिन की तरह ही खुले हैं।
 

06:00 PM, 08-Jan-2020

नोबेल पुरस्कार विजेता लेविट हाउसबोट में फंसे 

अलापुझा, केरल: केरल सरकार के सरकारी मेहमान के तौर पर यहां पहुंचे नोबेल पुरस्कार विजेता माइकल लेविट कुट्टनाड में एक हाउसबोट में फंसे रह गए। भारत बंद के समर्थकों ने इस हाउसबोट को रोक दिया। 

 

विज्ञापन
04:48 PM, 08-Jan-2020

मध्य प्रदेश में बंद बेअसर, सिर्फ बैंक सेवाएं प्रभावित

मध्य प्रदेश में भी बुधवार को बंद का कोई बहुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। प्रदेश में परिवहन व अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। इसके अलावा बाजार और पेट्रोल पंप भी खुले रहे। 

हालांकि आल इंडिया बैंक इम्पलॉइज एसोसिएशन (AIBEA) और आॅल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले कुछ कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया और भोपाल के एमपी नगर में रैली भी निकाली। मध्य प्रदेश बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव वीके शर्मा के मुताबिक राज्य में हड़ताल की वजह से बैंक सेवाएं प्रभावित हुईं और ऐसी भी रिपोर्ट मिली हैं कि परिवहन, आयकर और डाक विभाग सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। 


 


 

02:44 PM, 08-Jan-2020

आंध्र प्रदेश में बंद में हिस्सा लेने वाले कांग्रेस, वाम नेताओं को हिरासत में लिया गया

आंध्र प्रदेश में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बुधवार को 'भारत बंद' के आह्वान पर विशेषकर विशाखापत्तनम में सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों में अधिकतर कर्मचारी नदारद रहे। अधिकतर बैंक भी बंद रहे। विजयवाड़ा में राधम सेंटर से लेनिन सेंटर तक रैली निकाली गई। मचिलिपत्नाम में कोनेरू सेंटर से रैली निकाली गई। तिरुपति से मिली खबरों के अनुसार पुलिस ने युवा संगठनों को ‘शव यात्रा’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले ले जाने से रोका।

विज्ञापन
01:41 PM, 08-Jan-2020

हड़ताल से पंजाब-हरियाणा में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित

पंजाब और हरियाणा में सार्वजनिक बैंकों, परिवहन विभाग, डाक घर और किसानों के कई संगठनों ने हिस्सा लिया। सरकारी बैंकों के कर्मचारियों के हड़ताल में हिस्सा लेने से पंजाब और हरियाणा में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा है।

ट्रेड यूनियन कर्मियों ने पंजाब में लुधियाना, जालंधर और बठिंडा समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जालंधर में ट्रेड यूनियन कर्मियों द्वारा कारखाने में काम करने वाले कुछ लोगों को काम पर जाने से रोकने की खबर है। पंजाब में लुधियाना समेत कुछ जगहों पर सार्वजनिक परिवहन सेवा प्रभावित हुई है।

हरियाणा में, सार्वजनिक परिवहन सेवा पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। हरियाणा परिवहन के कर्मियों के एक धड़े ने हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की थी।


 

01:39 PM, 08-Jan-2020

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के बंद का कर्नाटक में कोई असर नहीं

देशव्यापी हड़ताल का कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों जनजीवन पर कोई असर नहीं पड़ा। कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) सहित सरकारी बस सेवाओं और ट्रेन सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं दिखा। स्कूल, कॉलेज और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुले।


 

01:01 PM, 08-Jan-2020

बंद से असम में जनजीवन प्रभावित

असम में बंद से आम जनजीवन प्रभावित रहा और सड़कों से वाहन नदारद रहे तथा दुकानें भी बंद रहीं। दुकानें और बाजार बंद रहे, लेकिन दवा की दुकानें खुली रहीं। शैक्षणिक संस्थान खासकर स्कूल बंद रहे। कॉलेजों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में पूर्वनिर्धारित परीक्षाएं सामान्य तरीके से आयोजित हुईं। अधिकतर निजी कार्यालय बंद रहे लेकिन राज्य सरकार के कार्यालय खुले रहे। समूचे राज्य में अधिकतर बैंक बंद रहे।

12:57 PM, 08-Jan-2020

बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं

पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ। कई स्थानों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने राज्य के कई स्थानों पर रेल एवं सड़क यातायात बाधित किया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। पूर्वी बर्दवान जिले में विभिन्न स्थानों पर जलते हुए टायर डाले गए और सड़कें बाधित की गई। इसके अलावा रेलवे पटरियों को भी अवरुद्ध किया गया जिससे रेल यातायात बाधित हुआ। पूर्वी मिदनापुर जिले में बसों पर पथराव किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया जिसके बाद झड़प शुरू हो गई और इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

12:55 PM, 08-Jan-2020

राजस्थान में भारत बंद का मिला जुला असर

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के 'भारत बंद' के आह्वान का बुधवार को राजस्थान में मिला जुला असर देखने को मिला। ट्रेड यूनियन कर्मचारियों के इसमें शामिल होने के कारण बंद के शुरुआती घंटों में बैंकिंग सेवाओं, रोडवेज सेवाओं पर आंशिक असर देखने को मिला। बैंक कर्मचारियों की यूनियन के प्रतिनिधि महेश मिश्रा ने बताया कि जयपुर में एलआईसी भवन के सामने प्रदर्शन किया गया जिसमें बैंक और एलआईसी कर्मचारियों ने भाग लिया।

हड़ताल का असर चूरू, गंगानगर, सीकर में बसों के संचालन पर पड़ा है। हालांकि जयपुर शहर में बाजार खुले हैं और सार्वजनिक परिवहन सेवा पर ज्यादा असर देखने को नहीं मिला है।

12:54 PM, 08-Jan-2020

बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा असर

देशव्यापी हड़ताल में बैंक कर्मचारियों के शामिल होने से बुधवार को बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा। हड़ताल की वजह से देश में कई जगहों पर सार्वजनिक बैंकों की शाखाओं में नकदी जमा करने और निकालने समेत अन्य गतिविधियां प्रभावित रहीं।

12:53 PM, 08-Jan-2020

ममता बनर्जी ने वामदलों और कांग्रेस पर निशाना साधा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वामदलों और कांग्रेस के भारत बंद पर कहा कि हम राज्य में हड़ताल की इजाजत नहीं देंगे, जो ऐसी कोशिश कर रहे हैं, उनका बंगाल में कोई राजनीतिक आधार नहीं है

12:34 PM, 08-Jan-2020

देशव्यापी हड़ताल का यूपी में मिलाजुला असर

केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में बुधवार को श्रमिक संघों ने देशभर में भारत बंद का एलान किया है। देश के 10 प्रमुख श्रमिक संघों के आह्वान पर करीब 25 करोड़ लोगों के हड़ताल में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। उत्तर प्रदेश में भी इस बंद का असर देखने को मिला।

11:54 AM, 08-Jan-2020

बस में तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में भारत बंद के दौरान एक बस में तोड़फोड़ करते नजर आए प्रदर्शनकारी
 

 

11:52 AM, 08-Jan-2020

वाराणसी में भी सड़कों पर उतरे मजदूर

मजदूर संघ समेत अन्य संगठनों के भारत बंद के आह्वान का वाराणसी में भी दिख रहा है। कई मजदूर संगठन सड़कों पर उतर आए हैं। वहीं जिला पुलिस और प्रशासन भी एलर्ट मोड में है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, जिले में धारा 144 लागू है। इसलिए बगैर अनुमित के जुलूस निकालने और प्रदर्शन करने वाले कार्रवाई की जद में आएंगे।

11:51 AM, 08-Jan-2020

दिल्ली में बारिश से आंदोलन पर असर

आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की महासचिव अमरजीत कौर ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के सदस्यों के साथ विभिन्न क्षेत्रीय महासंघ भी हिस्सा ले रहे हैं। केंद्रीय यूनियनों में एटक, इंटक, सीटू, एआईसीसीटीयू, सेवा, एलपीएफ समेत अन्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बारिश आंदोलन पर असर नहीं डाल सकी है। श्रमिक राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में जुलूस निकालेंगे और योजना के मुताबिक, कर्मचारी आईटीओ पर एकत्र होंगे और फिर यहां से जुलूस निकालेंगे।

 

10:53 AM, 08-Jan-2020

पुलिस को रेलवे ट्रैक पर मिले चार देसी बम

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में हृदयपुर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक से पुलिस को चार देसी बम बरामद हुए हैं।
 

10:40 AM, 08-Jan-2020

हड़ताल से बंगाल के कुछ हिस्सों में सड़क, रेल यातायात प्रभावित

केंद्र सरकार की 'जन-विरोधी' नीतियों के खिलाफ हड़ताल के समर्थन में मजदूर संगठनों के साथ ही वामपंथी दलों और कांग्रेस समर्थकों के प्रदर्शनों के चलते पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ। हालांकि, पुलिस ने तत्काल वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उन्हें हटा दिया। कोलकाता में सरकारी बसें सामान्य रूप से चल रही हैं।

10:39 AM, 08-Jan-2020

राहुल ने किया भारत बंद का समर्थन 

राहुल गांधी ने ट्वीट करके भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, 'मोदी-शाह सरकार की जनविरोधी, श्रमिक विरोधी नीतियों ने भयावह बेरोजगारी पैदा की है और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को कमजोर किया जा रहा है, ताकि इन्हें मोदी के पूंजीपति मित्रों को बेचने को सही ठहराया जा सके। आज 25 करोड़ कामगारों ने इसके विरोध में भारत बंद बुलाया है। मैं उन्हें सलाम करता हूं।'
 

10:38 AM, 08-Jan-2020

चेन्नई में माउंट रोड पर प्रदर्शन जारी

तमिलनाडु के चेन्नई में माउंट रोड पर प्रदर्शन जारी है। दस व्यापार संघ ने 'भारत सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों' के खिलाफ आज भारत बंद का आह्वान किया है।
 

10:20 AM, 08-Jan-2020

हरियाणा में बस सेवाओं पर असर

हरियाणा में रोडवेज की यूनियनें भी हड़ताल में शामिल रहीं, जिससे बस सेवाओं पर असर पड़ा। हड़ताल में सरकारी विभागों, बोर्ड, निगमों, विश्वविद्यालयों, नगर निगमों, परिषदों, पालिकाओं, पंचायती राज संस्थाओं, पंचायत समितियों, सहकारी समितियों, केंद्र व राज्य सरकार से संचालित परियोजनाओं में कार्यरत सभी कर्मचारी शामिल हुए।

09:39 AM, 08-Jan-2020

भारत पेट्रोलियम के कर्मचारियों ने किया विरोध

मुंबई में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कर्मचारियों ने भारत पेट्रोलियम के रणनीतिक विनिवेश के सरकार के फैसले का विरोध किया।
 

09:01 AM, 08-Jan-2020

बस ड्राइवर ने हेलमेट पहनकर चलाई गाड़ी

भारत बंद के दौरान सिलिगुड़ी में उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम का एक बस चालक विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर हेलमेट पहनकर गाड़ी चलाते हुए नजर आया।
 

08:17 AM, 08-Jan-2020

पश्चिम बंगाल में रेलवे ट्रैक किया ब्लॉक

प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा और उत्तरी 24 परगना के कांचरापाड़ा में रेलवे ट्रैक को बंद कर दिया है। केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ यह बंद बुलाया गया है।
 

08:06 AM, 08-Jan-2020

भारत बंद : बंगाल में कई जगहों पर हिंसा, दिल्ली-मुंबई में बंद का असर नहीं

केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के विरोध में बुधवार को बुलाए गए श्रमिक संघों के भारत बंद का असर बैंकिंग, परिवहन समेत कई जरूरी सेवाओं पर पड़ सकता है। देश के 10 प्रमुख श्रमिक संघों के आह्वान पर करीब 25 करोड़ लोगों के हड़ताल में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। पश्चिम बंगाल में प्रदर्शनकारियों ने हावड़ा और उत्तरी 24 परगना के कांचरापाड़ा में रेलवे ट्रैक को बंद कर दिया है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बंद को अपना समर्थन दिया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें