सोशल मीडिया के जरिये विभिन्न संगठनों द्वारा आज बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को सतर्क कर दिया है। गृह मंत्रालय ने राज्यों को जारी एडवाइजरी में बंद के दौरान सुरक्षा कड़ी करने और हिंसा रोकने के निर्देश दिए हैं। मालूम हो कि एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों में बदलाव के विरोध में हुए भारत बंद के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा और तोड़फोड़ हुई थी। अब आरक्षण के विरोध में कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है।
गौरतलब है कि चूंकि किसी बड़े संगठन या दल ने भारत बंद की घोषणा नहीं की है, ऐसे में सोशल मीडिया के जरिये छोटे-छोटे संगठनों द्वारा शरारत किए जाने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। अब आरक्षण के विरोध में कई अचर्चित संगठनों ने भी भारत बंद का आह्वान किया है। इसके लिए भी सोशल मीडिया की मदद ली जा रही है।
गृह मंत्रालय ने राज्यों को सोशल मीडिया और कानून व्यवस्था पर खास निगाह रखने की सलाह दी है। राज्यों को सोशल मीडिया के जरिए बीते दो अप्रैल के भारत बंद की तरह ही इस बार भी हिंसा की साजिश रचने के प्रति आगाह भी किया है।
बीते 2 अप्रैल को एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ भारत बंद के दौरान देशभर में हिंसा हुई थी करीब 12 लोगों को जान तक गंवानी पड़ी थी। 10 अप्रैल को आयोजित बंद में फिर से हिंसा न फैले इसलिए गृहमंत्रालय दिशा निर्देश जारी किए हैं।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पुलिस और प्रशासन ने अलर्ट जारी कर धारा 144 लागू कर दी है। वहीं, मध्यप्रदेश में भी स्कूल कॉलेज की छुट्टी कर दी गई है जबकि कई शहरों में इंटरनेट की सुविधा भी मंगलवार तक के लिए बंद कर दी गई है।
भोपाल के कमिश्नर अजातशत्रु श्रीवास्तव ने कहा है कि भोपाल में धारा 144 लागू की जाएगी वहीं स्कूल खुले रहेंगे। किसी भी हिंसा से निपटने के लिए 6000 पुलिस फोर्स लगाई गई है। वहीं सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
2 अप्रैल को दलितों के भारत बंद के दौरान सबसे ज्यादा तबाही मध्यप्रदेश में मची थी। जिसके बाद वहां काफी धड़पकड़ भी हुई है। यहां के ग्वालियर, भिंड और मुरैना में हुई हिंसक घटनाओं में 8 मौते हुईं थीं। आज आयोजित बंद में प्रशासन किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहता इसलिए उसने चाक चौबंद व्यवस्था कर ली है।
प्रशासन ने ग्वालियर, भिंड और मुरैना में प्रशासन ने स्कूल कॉलेजों को 10 अप्रैल को बंद करने का एलान किया है। यही नहीं भिंड में सोमवार रात से पूरे दिन कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। जबकि एमपी प्रशासन ने ग्वालियर में इंटरनेट सेवाएं रविवार रात 11 बजे से मंगलवार रात 10 बजे तक बंद रखने की बात कही है। जबकि मुरैना में भी सोमवार दोपहर 2 बजे से इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।