2024 गणतंत्र दिवस समारोह में दिखाई गई सभी 25 झाकियों में से सबसे अच्छी झांकी ओडिशा की थी। मंगलवार को अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य की झांकी को प्रथम स्थान हासिल हुआ है। रंगीन झांकी में महिला सशक्तिकरण को प्रदर्शित किया गया था। ओडिशा की विजेता झांकी में हस्तशिल्प और हथकरघा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को दिखाया गया था। इसके अलावा महिलाएं कैशलेस लेनदेन और ई-प्लेटफॉर्म मार्केटिंग करते हुए भी दिखाई दी थीं।
धोरडो पर्यटन ग्राम को प्रदर्शित करने वाली गुजरात की झांकी को लोगों की पसंद श्रेणी में पहला स्थान मिला है। मंगलवार को दिल्ली कैंट में आयोजित एक समारोह के दौरान सबसे अच्छी झाकियों के लिए दो श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की गई।
मंत्रालयों में सबसे अच्छी झांकी संस्कृति मंत्रालय की
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में सबसे अच्छी झांकी संस्कृति मंत्रालय की थी। 'भारत: लोकतंत्र की जननी' थीम वाली झांकी को पहला स्थान मिला है जबकि गृह मंत्रालय की झांकी को दूसरा स्थान मिला है। गृह मंत्रालय की झांकी में वाइब्रेंट विलेज को प्रदर्शित किया गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि ओडिशा द्वारा प्रस्तुत झांकी जजों की पसंद श्रेणी में पहले स्थान पर रही है, जबकि गुजरात की झांकी ने लोगों की पसंद श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि जजों की पसंद श्रेणी में गुजरात दूसरे स्थान पर रहा जबकि तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा। लोगों की पसंद श्रेणी में उत्तर प्रदेश को दूसरा और आंध्र प्रदेश को तीसरा स्थान मिला है। उत्तर प्रदेश की झांकी में रामलला को दिखाया गया था। लोगों की पसंद श्रेणी में विजेताओं का चयन करने के लिए, MyGov प्लेटफॉर्म के जरिए पोल कराया गया था।
किन-किन राज्यों की झांकियां थीं?
इससे पहले 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 16 और केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों से नौ झांकियां कर्तव्य पथ पर निकली थीं। इस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे।
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी झांकियां प्रस्तुत की थीं उनमें अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, गुजरात, मेघालय, झारखंड, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं।