इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि उनके देश और भारत के बीच अच्छी समझ है। पीएम मोदी भारत के एक महान देशभक्त हैं। जो भी भारत के लिए अच्छा है वो वही करते हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकियों के खिलाफ भारत का साथ देने पर सहमति भी जताई। उन्होंने पाकिस्तान से निपटने के लिए अपनाई जाने वाली मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन किया, जिसमें सर्जिकल स्ट्राइक भी शामिल है।
बेंजामिन ने कहा कि भारत को अपनी धरती की रक्षा करने का अधिकार है। यह बयान उन्होंने टाइम्स नाऊ को दिए इंटरव्यू में कहीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या इजरायल भारत को सीमापार की जाने वाली कार्रवाई से पीछे हटने के लिए कहेगा तो उन्होंने कहा कि देखिए मैं आपको बताना चाहता हूं कि हमारे बीच अच्छी आपसी समझ है। मुझे नहीं लगता कि मुझे इसमें कुछ भी जोड़ने की आवश्यकता है। भारत-इजरायली साझेदारी किसी विशिष्ट देश के खिलाफ नहीं हैं।
नेतन्याहू ने कहा- हम (इजरायल) पाकिस्तान के दुश्मन नहीं हैं और पाकिस्तान भी हमारा दुश्मन नहीं है। फिलिस्तीन मामल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा- इजरायल परफेक्ट देश होने का दावा नहीं करता है। मैं किसी ऐसे देश को नहीं जानता हूं जहां परेशानियां नहीं हों, लेकिन हम अपने पड़ोसियों की तरफ शांति का हाथ आगे बढ़ाते रहते हैं। यह दुर्भाग्य की बात है कि फिलिस्तीन की तरफ से हमें इस तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।