बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा के एक अपार्टमेंट में तब हलचल मच गई जब लोगों ने शनिवार की सुबह एक तेंदुए को देखा। इससे हुलीमावु झील के पास स्थित बेगुर और कोप्पा के आसपास रह रहे लोग सहम उठे। जब अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चेक किया गया तो पता चला कि तेंदुआ एक सड़क को पार करके अपार्टमेंट में पहुंच गया था। अब ये वीडियो सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।
बता दें, तेंदुआ प्रेस्टीज सॉन्ग अपार्टमेंट की एक बिल्डिंग में दिखा था, जो बन्नेरघट्टा नेशनल फॉरेस्ट से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुआ अपना रास्ता भटककर बन्नेरघट्टा नेशनल फॉरेस्ट से प्रेस्टीज सॉन्ग की बिल्डिंग में पहुंच गया होगा। हालांकि, लोगों में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है।
हुलीमावु पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर महेश ने बताया कि तेंदुए को सुबह पांच बजे के करीब अपार्टमेंट परिसर में घुसते देखा गया। इसके बाद सुबह छह बजे वह बाहर चला गया। उन्होंने कहा, 'हमने वन विभाग के साथ मिलकर इस क्षेत्र का पूरी तरह से मुआयना कर लिया है। हमें लगता है कि तेंदुआ वापस बन्नेरघट्टा के जंगल में चला गया होगा।”
बता दें शहर में तेंदुआ दिखाई पड़ने की सूचना स्थानीय निवासियों ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की। तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में कई टीमों का गठन किया गया था। हालांकि, बहुत खोज के बाद भी वह नहीं मिला। हुलीमावु थाना क्षेत्र बन्नेरघट्टा नेशनल फॉरेस्ट से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह बन्नेरघट्टा नेशनल फॉरेस्ट से आया होगा और वहीं लौट गया होगा।