चुनाव आयोग के मुताबिक बंगाल में शाम आठ बजे तक 80.43 फीसदी मतदान हुआ।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हम विकास की चर्चा करते हैं। मुझे अपने धर्म पर, संस्कृति पर गर्व है। ममता दीदी से पूछना चाहिए, उधर कलमा पढ़ रही थी इधर गोत्र बता रही हैं, न माया मिली न राम।
चुनाव आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक बंगाल में 72.25 फीसदी मतदान हुआ है।
चुनाव आयोग के मुताबिक शाम चार बजे तक बंगाल में 71.07 फीसदी मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में हिंसक घटनाएं हुईं, लेकिन कुल मिलाकर अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सभी को विक्ट्री साइन दिखा रही हूं और सुनिश्चित करना चाहती हूं कि मेरी जीत होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और अमित शाह, कृपया अपने गुंडों को नियंत्रित करें जो रैलियों में महिला पत्रकारों को घेर रहे हैं। मैं इस बात का खुलासा नहीं कर सकती कि मैंने ऑब्जर्वर के साथ क्या चर्चा की, यह गोपनीय है। मैंने इससे पहले ऐसा बुरा चुनाव नहीं देखा है।
पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में हिंसक घटनाएं हुईं, लेकिन कुल मिलाकर अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव आयोेग के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक 71.07 फीसदी मतदान हुआ है।
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल जगदीप धनखड़ से फोन पर बात की। ममता बनर्जी ने कहा कि वे (भाजपा) स्थानीय लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे। मैं सुबह से कैंपेनिंग कर रही हूं। अब आपसे अपील करती हूं कि इस मामले पर नजर डालें।
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि निर्दोष लोगों और भाजपा पर फेंका गया एक-एक पत्थर टीएमसी के निकास का रास्ता तैयार करेगा। दीदी, आपने बंगाल की चुप्पी को कमजोरी समझकर बड़ी गलती कर दी है। आपकी हिंसा का जवाब लोग इस बार भाजपा को लाकर देंगे।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 6,7,49,27,162,21,26,13,262,256,163 और 20 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ कैप्चरिंग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम पर कब्जा करने की कोशिश की। उन्होंने बूथ रिगिंग का भी आरोप लगाया।
चुनाव आयोग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान हिंसा के बावजूद लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। इसके चलते दोपहर एक बजे तक 45.63 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई।
नंदीग्राम के कमलपुर में बूथ नंबर 170 के पास भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला होने की खबर है। इस हमले में मीडिया के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह पाकिस्तानियों की हरकत है। जय बांग्ला बांग्लादेश का नारा है। सुवेंदु अधिकारी बोले कि यह हरकत मतदान केंद्र पर मौजूद विशेष समुदाय के मतदाताओं ने की।
पश्चिम बंगाल की हाईप्रोफाइल विधानसभा सीट नंदीग्राम से हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इस बीच भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इस हमले में मीडिया की कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन सुवेंदु की गाड़ी में कोई क्षति नहीं हुई।
चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक बंगाल में 37.42 फीसदी मतदान हो चुका है। राज्य में फिलहाल शांतिपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन कुछ जगहों से हिंसा की खबरें भी मिली हैं।
नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि समसाबाद में भाजपा के एक कार्यकर्ता को पीटा गया। वहीं, कंचन नगर इलाके में एक कार्यकर्ता ने टीएमसी की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, चुनाव शांतिपूर्ण हो रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता के आत्महत्या करने की खबरें सामने आ रही हैं। भाजपा का आरोप है कि कार्यकर्ता ने टीएमसी के दबाव में यह कदम उठाया।
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक बंगाल में 29.27 फीसदी मतदान हो चुका है। राज्य में कुछ जगहों पर हिंसा की खबरें मिली हैं।
बंगाल के केशपुर में बूथ नंबर 173 पर महिला पोलिंग एजेंट को पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना को अंजाम देने का आरोप टीएमसी के कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। इस दौरान भाजपा के स्थानीय नेता तन्मय घोष की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। उनका कहना है कि टीएमसी हिंसा भड़का रही है, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण नहीं हो रहे हैं। केशपुर से भाजपा प्रत्याशी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर सक्रिय नहीं होने का आरोप भी लगाया।
पश्चिम बंगाल के घटल में गुरुवार को माकपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता उन्हें रास्ते में रोक रहे हैं और वोट नहीं डालने दे रहे। मामले की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और माकपा कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
डेबरा में पोलिंग बूथ पर हुए बवाल के बाद पुलिस ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया है।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच चुनाव आयोग ने सुबह 9 बजे तक 13.14 फीसदी मतदान होने की जानकारी दी है।
खड्गपुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हिरेन चटर्जी ने अपना वोट डाल दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल के विकास चाहते हैं। हमें सुपरस्पेशिएलिटी अस्पताल और महिला कॉलेज की जरूरत है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से मतदान करने की अपील की।
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में कुल 191 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 152 पुरुष उम्मीदवार हैं, जबकि 19 प्रत्याशी महिलाएं हैं।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं, जो वोट डालने में लोगों की भी मदद कर रहे हैं। पूर्वी मिदनापुर में मतदान केंद्रों पर तैनात जवान वोट डालने में बुजुर्ग मतदाताओं के लिए भी काफी मददगार साबित हो रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने मतदान करने के बाद लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे देश की नजरें नंदीग्राम पर बनी हुई हैं। लोग इंतजार कर रहे हैं कि यहां विकास जीतेगा या तुष्टिकरण की राजनीति।
पश्चिम बंगाल की डेबरा विधानसभा सीट पर भी मतदान काफी जोर-शोर से हो रहा है। यहां बूथ नंबर 76 के बाहर लोगों की लाइनें लगी हुई हैं। बता दें कि यहां तृणमूल कांग्रेस के हुमायूं कबीर और भाजपा की भारती घोष के बीच कांटे का मुकाबला है।
नंदीग्राम में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच चुनावी मुकाबले पर हर किसी की नजरें बनी हुई हैं। इस बीच मतदाताओं में भी वोटिंग को लेकर काफी उत्साह नजर आया। यहां बूथ नंबर 110 पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
पश्चिम बंगाल के बांकुरा में भी मतदान शुरू हो गया है। यहां बूथ नंबर 137 के बाहर वोट डालने के लिए मतदाता एकजुट हो गए हैं।
इन 30 सीटों में से 2016 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने 23 सीटों पर जीत प्राप्त की थी, जबकि पांच पर वाम मोर्चा के उम्मीदवार जीते थे और एक-एक सीट कांग्रेस एवं भाजपा के खाते में गई थी। राज्य में 2019 के लोकसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। उस दौरान भाजपा ने आदिवासी बहुल जंगल महल क्षेत्र और मेदिनीपुर पट्टी पर व्यापक उपस्थिति दर्ज कराते हुए सभी पांचों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि तृणमूलल दक्षिण 24 परगना जिले में अपना प्रभुत्व कायम रखने में कामयाब रही थी, जहां अल्पसंख्यकों की अच्छी-खासी आबादी है।
प. बंगाल में दूसरे चरण में 30 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सभी की नजरें नंदीग्राम पर हैं, जहां सीएम ममता बनर्जी के सामने भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी हैं।
नंदीग्राम के रीपाड़ा के एसएन प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग स्टेशन नंबर 110 पर मतदान की तैयारियों का नजारा।
ममता बनर्जी पिछले चार दिनों से नंदीग्राम में डेरा डाली हुई हैं। भाजपा ने अधिकारी के पक्ष में प्रचार करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती समेत ‘बड़े चेहरों’ को उतारा है। अधिकारी ने 2016 में इस सीट से जीत हासिल की थी।
ममता बनर्जी के लिए इस सीट से जीतना सरकार की अगुवाई करने और पार्टी को एकजुट रखने के लिए महत्वपूर्ण है। दूसरी ओर, वाम-कांग्रेस-आईएसएफ गठबंधन ने नंदीग्राम सीट से माकपा की मीनाक्षी मुखर्जी को टिकट दिया है। इस सीट पर अपनी पार्टी की खोई जमीन को वापस हासिल करना उनके लिए चुनौती है।
नंदीग्राम ने 2007 में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के जरिए शक्तिशाली वाम सरकार की जड़ें हिला दी थीं। नंदीग्राम सीट पर अधिकारी की लड़ाई उनकी राजनीतिक प्रासंगिकता के लिए महत्वपूर्ण है।
अधिकारी की इस सीट से जीत उन्हें बंगाल के बड़े नेताओं की जमात में शामिल करा देगी और भाजपा को बहुमत मिलने की सूरत में वह मुख्यमंत्री पद के अन्य दावेदारों से आगे निकल सकते हैं।
प. बंगाल के नंदीग्राम में बूथ नंपर 76 पर मतदान की तैयारियों में लगे कर्मचारी।