एक वरिष्ठ चिकित्सक ने आगे के उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि भट्टाचार्य को पर्याप्त पोषक तत्व दिए जा रहे हैं और अन्य बातों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। चिकित्सक ने कहा, 'चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहे हैं और उचित कदम उठा रहे हैं।' भट्टाचार्य के परिवार के सदस्यों को उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी दी गई और माकपा राज्य सचिव सूर्य कांत मिश्रा दिन में अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सक ने बताया कि माकपा नेता की ऑक्सीजन का स्तर 90 से 95 प्रतिशत के आस-पास है और वह होश में आ गए हैं। भट्टाचार्य में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन उनके मस्तिष्क के सीटी स्कैन में कुछ विकार का पता चला था।
वर्ष 2000 से 2011 तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे भट्टाचार्य पिछले कुछ समय से सांस संबंधी समस्याओं एवं उम्र बढ़ने के साथ हुई अन्य बीमारियों से जूझ रहे हैं। वह पिछले कुछ साल से सार्वजनिक जीवन से दूर रह रहे हैं। बुद्धदेव 2015 में माकपा के पोलित ब्यूरो और केंद्रीय कमेटी से बाहर हो गए थे।