तृणूमल के नेता और पूर्व सांसद विवेक गुप्ता कहते हैं कि बंगाल अपनी बेटी (ममता बनर्जी, बंगाली अस्मिता) को और उनके पिछले दस साल के काम को चुनेगा। भाजपा की यहां हिन्दू बनाम मुस्लिम, जय श्री राम या फिर छद्म राष्ट्रवाद की कोई दाल नहीं गलने वाली है। ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी तृणमूल की विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त हैं। अभिषेक बनर्जी की टीम के सदस्य जयति घोष कहते हैं कि ब्रिगेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा से भाजपा को असलियत का संदेश मिल गया है।
घोष कहते हैं कि 12 मार्च को नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी ने नामांकन किया है। उन्होंने कहा कि सुवेंदु को जमीनी सच्चाई का आभास हो चुका है। कुल मिलाकर तृणमूल कांग्रेस की योजना भाजपा के आक्रामक प्रचार की शैली में न उलझने की है। विवेक गुप्ता का कहना है कि तृणमूल का कॉडर गांव-गांव तक फैला हुआ है। गांव-गांव के लोग सच्चाई को समझ रहे हैं। यहां भाजपा का झूठ नहीं चलेगा। बस उसकी कुछ सीटें बढ़ जाएंगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री देबश्री चौधुरी लगातार पश्चिम बंगाल में प्रचार अभियान में डटी हैं। राज्य में पूरा प्रचार अभियान प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और पांच राज्यों के भाजपा संगठन मंत्रियों की देखरेख में चल रहा है। 12 मार्च को सुवेंदु का नामांकन कराने के लिए स्मृति ईरानी, पेट्रोलियम और रसायन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान प्रधान भी वहां डटे रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय रेल और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत अन्य ने बंगाल में चुनाव प्रचार की योजना को अंतिम रूप देना शुरू किया है।