पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। हर पार्टी चुनावों में वोटों का फायदा उठाने के लिए हर मौके को भुनाने में लगी है। राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है और दोनों ही पार्टियां इसके लिए अपनी पूरी ताकत लगा रही हैं और हर तरीके से बढ़त बनाने की कोशिश में लगी हैं।
इसी कड़ी में हुगली से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने एक वीडियो शेयर कर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की नियत पर सवाल उठाए। इस वीडियो में कल्याण बनर्जी एक महिला विधायक के गाल खींचते नजर आ रहे हैं। लॉकेट चटर्जी ने वीडियो शेयर कर तंज कसा और लिखा कि क्या यही महिला सशक्तीकरण है?
वीडियो शेयर करते हुए लॉकेट ने लिखा, 'टीएमसी महिलाओं को सशक्त बना रही है? यह टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और निवर्तमान बांकुरा विधायक हैं जो टिकट न मिलने की वजह से निराश थीं। शर्म आनी चाहिए।'
हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद खुद कल्याण बनर्जी ने भी पटलवार किया और इसपर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भी अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर कर मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए लॉकेट चटर्जी की मानसिकता पर सवाल उठाए।
कल्याण ने दूसरे एंगल से उसी कार्यक्रम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'लॉकेट चटर्जी का ट्वीट उसके गंदे दिमाग को दर्शाता है। उसे नहीं पता कि भाई और बहन के बीच क्या संबंध है। लंबे समय से आलोका मेरी बहन की तरह हैं और मैं बांकुड़ा से हूं, गंदी सोच वाली लॉकेट चटर्जी को यह पता होना चाहिए।'
बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस बार आठ चरणों में चुनाव होना है। 294 सीटों के लिए होने वाले इन चुनावों का परिणाम दो मई को आएगा। भाजपा जहां 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा कर रही है वहीं टीएमसी भी फिर से सरकार बनाने का दंभ भर रही है।