पश्चिम बंगाल सीआईडी बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या की परत दर परत जांच कर रही है। जांच में पता चला है कि कोलकाता के पास न्यू टाउन में एक पॉश फ्लैट के अंदर अनार के शव को काटने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार आरोपियों ने शहर में कहीं से प्राप्त किए थे। अब सीआईडी यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से खरीदे गए। वहीं, एक अधिकारी ने बताया कि अनार की बेटी के अगले सप्ताह की शुरुआत में शहर आने की संभावना है।
बता दें कि बारानगर निवासी और सांसद अनार के परिचित गोपाल विश्वास ने 18 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार बांग्लादेशी सांसद 12 मई को कोलकाता पहुंचे थे। वह गोपाल के घर रुके। 13 मई की दोपहर सांसद अनार डॉक्टर को दिखाने के लिए निकले थे। इस दौरान उन्होंने गोपाल से कहा था कि वह रात में खाना खाने के लिए घर वापस आएंगे। 17 मई को जब विश्वास का सांसद अनार से संपर्क नहीं हुआ तो उसे गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करानी पड़ी, जिसके बाद बांग्लादेशी सांसद की तलाश शुरू हुई।
पुलिस का दावा है कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वह पेशे से कसाई है। उसने कथित तौर पर बांग्लादेशी सांसद के शरीर को 80 टुकड़ों में काट दिया। जिसके बाद टुकड़ों को हल्दी के साथ मिलाया और न्यू टाउन के आसपास एक नहर सहित विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया।
सांसद के शरीर के अंगों की तलाश जारी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शरीर के अंगों की तलाश अभी भी जारी है। जांच में पता चला है कि हत्या में धारदार हथियार के साथ ही कई उपकरण इस्तेमाल किए गए थे, जिन्हें आरोपियों ने स्थानीय दुकानों से खरीदा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से बात करने के बाद उन दुकानों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
सीआईडी को फ्लैट के सेप्टिक टैंक से मांस-बाल के टुकड़े मिले
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीआईडी ने हाल ही में न्यू टाउन फ्लैट के सेप्टिक टैंक से मांस के टुकड़े और बालों के टुकड़े बरामद किए थे। टैंक से बरामद मांस की डीएनए जांच से पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह नमूना बांग्लादेशी सांसद का है। वहीं, डीएनए जांच जल्द पूरी कर पुलिस न्यू टाउन के फ्लैट से मिले फिंगरप्रिंट का मिलान करने की योजना बना रही है।