पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को एक अहम फैसला लिया है। दरअसल, मंत्रिमंडल ने राज्य में जुलाई में हुए पंचायत चुनावों के दौरान हुई हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को नौकरी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिवार से एक सदस्य को होमगार्ड की नौकरी दी जाएगी। बता दें, हिंसा में कुल 19 लोगों की मौत हुई थी।
विश्वभारती विवि से बंगाल राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने विश्वभारती विश्वविद्यालय से रवींद्रनाथ टैगोर के नाम की नई पट्टिकाएं लगाए जाने के संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है। बता दें, बोस विश्वभारती के रेक्टर भी हैं। दरअसल, शांति निकतेन को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किए जाने के बाद नई पट्टिकाएं लगाई गईं थी, जिसमें पीएम मोदी, पदेन कुलाधिपति और कुलपति बिद्युत चक्रवर्ती का नाम था लेकिन रवींद्रनाथ टैगोर का नाम था ही नहीं। इस वजह से काफी विरोध हुआ था। इसके बाद नई पट्टिकाएं लगाने के आदेश दिए गए थे। बता दें, राज्यपाल ने कार्यवाहक कुलपति से इस कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है। राजभवन के एक अधिकारी का कहना है कि राज्यपाल ने राजभवन के उत्तरी गेट का नाम बदलकर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर गेट करने का फैसला किया है।
मराठा आरक्षण: महाराष्ट्र के जालना में किशोरी ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र के जालना में एक 14 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग करते हुए आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोरी ने बृहस्पतिवार को सोमेश्वर इलाके में अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस को घटना स्थल से एक पर्ची मिली है, जिस पर लड़की ने लिखा था कि मराठा समुदाय को आरक्षण मिले और 'मेरे शब्द बेकार नहीं जाने चाहिए।' अधिकारी ने कहा, लड़की को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना के बारे में शुक्रवार सुबह पता चला। उन्होंने बताया कि लिंबगांव पुलिस थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
सेवा पदक के लिए अनुशंसा की तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आगामी गणतंत्र दिवस पर प्रदान किए जाने वाले विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा पदक के लिए अनुशंसा भेजने की तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। पहले 17 नवंबर तक ही सिफारिशें भेजी जानी थीं। यह कदम विभिन्न कारणों से अनुशंसा की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और संबंधित संगठनों की तरफ से किए गए अनुरोध पर उठाया गया है।
सशस्त्र बलों से जुड़े 3.7 लाख लाभार्थियों को 932 करोड़ बांटे
नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय निकाय केंद्रीय सैनिक बोर्ड (केएसबी) ने 2018 से 2023 के बीच पिछले पांच वर्षों में सशस्त्र बलों (सेना, नौसेना और वायु सेना) से जुड़े 3.7 लाख से अधिक लाभार्थियों को शिक्षा, बेटियों की शादी और गंभीर बीमारियों जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 932 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। इन लाभार्थियों में पूर्व सैनिक, विधवाएं और उनके आश्रित शामिल हैं जिन्होंने देश भर में चलाई जा रही 10 कल्याणकारी योजनाओं के तहत अनुदान का लाभ उठाया।
अरुणाचल में उग्रवादियों ने किया जेई व सुपरवाइजर का अपहरण
अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में बृहस्पतिवार रात हथियारबंद उग्रवादियों ने बंदूक की नोक पर एक निर्माण कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक पर्यवेक्षक का अपहरण कर लिया। लोंगडिंग पुलिस अधीक्षक तुम्मे अमो ने कहा कि चार हथियारबंद उग्रवादियों का एक समूह तीस्ता नदी के निकट एक निर्माणाधीन पुल के पास एक अस्थायी शिविर में पहुंचा। यहां से उन्होंने जेई साशन यादव और कंपनी पर्यवेक्षक लियामगाओ पांसा का अपहरण कर लिया। उग्रवादियों ने यहां श्रमिकों से 20 से अधिक मोबाइल फोन भी छीन लिए।
एसपी ने कहा कि इस अपराध के पीछे एनएससीएन (के-वाईए) गुट के स्वयंभू सार्जेंट बोताई वांगसु का हाथ होने का संदेह है। कथित तौर पर प्रतिबंधित संगठन ने कंपनी से मांगी गई जबरन वसूली की रकम न मिलने पर अपराध को अंजाम दिया। जिला पुलिस और असम राइफल्स ने पीड़ितों को बचाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है। हालांकि देर रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों ने मजदूरों को मारा पीटा भी है।
मंत्री के साथ यात्रा करने पर पर्यटन विकास निगम का एमडी निलंबित
मंत्री श्रीनिवास गौड़ की यात्रा के साथ तिरुपति जाने पर चुनाव आयोग ने शुक्रवार को तेलंगाना पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक बोइनापल्ली मनोहर राव को निलंबित और ओएसडी वाई सत्यनारायण को पद से हटा दिया। श्रीनिवास गौड़ 30 नवंबर को होने वाले चुनाव में बीआरएस के टिकट पर महबूबनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने बताया कि दोनों अधिकारियों को 15 और 16 अक्तूबर को मंत्री के साथ तिरूपति में देखा गया था।
केरल धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई छह
केरल में कोच्चि के पास एक धार्मिक सभा में बम धमाके में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। सरकारी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मलयातूर के प्रवीण (24) की बृहस्पतिवार को निजी अस्पताल में मौत हो गयी। उसका इस अस्पताल में इलाज चल रहा था।
गिरफ्तार पाकिस्तानी महिला की बांग्ला भाषा सुन चौंके अधिकारी
नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने आरोप में गिरफ्तार पाकिस्तानी महिला सायस्ता हनीफ की बांग्ला भाषा में दक्षता देख कर जांच अधिकारी भी हैरान हैं। वह बंगाल में भारत-नेपाल सीमा पर अपने नाबालिग बेटे एरियान मोहम्मद हनीफ (11) के साथ बुधवार शाम गिरफ्तार की गई थी। वह धारा प्रवाह बांग्ला भाषा बोलती है। फिलहाल उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
मुंबई में प्रतिद्वंद्वी शिवसेना गुटों के बीच झड़प मामले में 60 लोगों पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और शिव सेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे के समर्थकों के बीच शिवाजी पार्क में हुई झड़प के संबंध में पुलिस ने 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना और शिव सेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार रात को पार्टी संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क इलाके में स्मारक पर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की थी। शिव सेना (यूबीटी) के समर्थकों ने प्रतिद्वंद्वी गुट के कार्यकर्ताओं के दौरे का विरोध किया था, जिसके चलते झड़प हुई। कुछ समर्थकों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अधिकारी ने कहा, 60 लोगों के खिलाफ आईपीसी और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।
आईआईटी अबूधाबी कैंपस में जनवरी से एमटेक का पहला बैच
आईआईटी दिल्ली के आईआईटी अबूधाबी कैंपस में जनवरी-2024 सत्र से एमटेक का पहला बैच शुरू होगा। आईआईटी दिल्ली और अबूधाबी शिक्षा व ज्ञान विभाग मिलकर एनर्जी ट्रांजिशन और सस्टेनेबिलिटी विषय पर एमटेक प्रोग्राम शुरू करेगा। खास बात यह है कि इस कोर्स में भारतीय छात्रों को 15 फुल और 10 स्कॉलरशिप अन्य देशों के छात्रों को दी जाएंगी। यह स्कॉलरशिप पूरी तरह होनहार छात्रों को मेरिट के आधार पर मिलेंगी।
आईआईटी प्रबंधन के मुताबिक, आईआईटी अबूधाबी कैंपस में इस दो वर्षीय एमटेक प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन विंडो ओपन हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 27 नवंबर तक आवेदन पत्र भर सकते हैं। इस कैंपस में भविष्य में स्नातक प्रोग्राम में भी कौशल आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे। इस कोर्स में दाखिले के लिए छात्र के पास भौतिक विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, रासायनिक विज्ञान में चार वर्षीय स्नातक डिग्री होनी जरूरी है। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए abudhabi.iitd.ac.in पर लॉगइन कर प्राप्त कर सकते हैं।